मप्र का विजयी अभियान जारी
under 19 cricket
रूपसिंह स्टेडियम में गेंदबाज की एलबीडब्ल्यू की अपील पर अंपायर आरती को आउट देते हुए।
ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (जीडीसीए) के तत्वावधान में यहां खेली जा रही बीसीसीआई वुमंस वनडे ट्रॉफी क्रिकेट मुकाबले में मेजबान मप्र का विजयी अभियान जारी है। मेजबान ने रविवार को खेले गए मुकाबले में भी गोआ के खिलाफ 57 रन से जीत हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी जगह बनाए रखी। उधर दिन के दो अन्य मुकाबलों में आंध्रा ने दिल्ली को 3 विकेट से तथा बड़ौदा ने भी झारखंड को 3 विकेट से हराकर अपने खाते में चार-चार अंक बनाए।
शंकरपुर स्टेडियम पर खेले गए मैच में गोओ के खिलाफ मप्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 192 रन बनाए। हालांकि मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन रीना यादव के बाद सौम्या तिवारी और अनुष्का शर्मा ने जिम्मेदाराना पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाई। रीना ने 43 रन बनाए। जबकि सौम्या तिवारी ने 74 गेंद खेलकर 59 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी में चार बाउंड्री भी लगाईं। इसके अलावा कप्तान अनुष्का शर्मा ने 43 गेंद में दो चौके जड़कर 27 रन का योगदान दिया।
अनन्या दुबे ने 33 गेंद में 2 चौके की मदद से 19 रन की उल्लेखनीय पारी खेली। गोआ की तरफ से तान्या ने 10 ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए। जबकि रिया ने भी इतने ही विकेट 8 ओवर में 78 रन देकर झटके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोआ की टीम बल्लेबाजी में उम्दा खेल नहीं दिखा सकी। मेजबान गेंदबाजों के आगे गोआ 8 विकेट के नुकसान पर 135 रन ही बना सकी और 57 रन के अंतर से मैच गंवा बैठी। मप्र के लिए शिवानी संतोरे ने शानदार और सटीक गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवर में 31 रन पर 5 विकेट चटकाए।
इसके अलावा सौम्या तिवारी ने 10 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट तथा मुस्कान बिश्वास ने भी इतने ही ओवर में 22 रन पर 1 विकेट अपने नाम किया। उधर कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में झारखंड ने पहले खेलते हुए 150/6 रन का लड़नेलायक स्कोर खड़ा किया। जवाब में बड़ौदा ने 48.5 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 151 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। विजयी टीम की तरफ से हर्षिता मिश्रा ने 56 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। जबकि सीजे देसाई ने भी 48 रन का योगदान दिया। आरती 26 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हुईं। वहीं सिंधिया स्कूल फोर्ट मैदान पर दिल्ली ने 102 रन बनाए। जवाब में आंध्रा ने इस आसान लक्ष्य को 42.1 ओवर में 105/7 में हासिल कर लिया।