पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • Gwalior News Mp News People Spoke To The Mp Who Reached Mochi Oli Our Lives Are In Danger Every Moment

मोची ओली पहुंचे सांसद से लोग बोले- हमारी जान हर पल खतरे में

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मोची ओली में चार दिन पहले अग्निकांड में मारे गए वृद्ध दंपति के परिजनों से मिलने सांसद विवेक शेजवलकर शनिवार को पहुंचे। यहां क्षेत्रवासियों ने सांसद से मिलकर खुद को हर पल खतरे में बताया। साथ ही फोम और तेजाब का कारोबार बंद करवाने की मांग की। इस पर सांसद ने निगमायुक्त से फोन पर चर्चा कर यहां उन दुकानों की पड़ताल कराने के निर्देश दिए, जिनमें फाेम, तेजाब और ज्वलनशील केमिकल का काम होता है।

बुधवार को मोची ओली में रहने वाले हरीश शिवहरे के तीन मंजिला मकान में आग लग गई थी। उनके घर के निचले हिस्से में फोम का गोदाम बना था, जहां से आग लगी। इस हादसे में हरीश के पिता प्रेमनारायण शिवहरे और मां राजकुमारी की जलकर मौत हो गई थी। सांसद श्री शेजवलकर शनिवार को यहां मृतक दंपति के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद के पहुंचने पर क्षेत्रवासी इकट्‌ठे हो गए। क्षेत्रवासियों का कहना था कि पूरे इलाके में नियमों को ताक पर रखकर इतना खतरनाक काम किया जा रहा है। किसी भी दुकान में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था नहीं है। साथ ही देवकृष्ण अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने भी अपनी परेशानी बताई। उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बिल्डर ने दुकानें बना दी हैं। इन सभी में फोम, टायर और तेजाब का काम हो रहा है। कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। सांसद ने तुरंत निगमायुक्त संदीप माकिन को फोन लगाया। निगमायुक्त को उन्होंने निर्देश दिए कि यहां जितनी भी दुकानें संचालित हैं, वहां सुरक्षा को लेकर ऑडिट किया जाए। साथ ही नियम विरुद्ध काम करने वालों पर कार्रवाई की जाए।

नहीं खुलने दी दुकानें

शनिवार को भी यहां रहने वाले लोगों ने दुकानदारों को दुकानें नहीं खोलने दीं। क्षेत्रवासियों ने विरोध किया तो दुकानदारों ने शटर डाल दिए।

150 मकानों में से 100 में फाेम और तेजाब का काम: मोची ओली में करीब 150 मकान हैं। इनमें से 100 मकानों में फोम, टायर, तेजाब और अन्य केमिकल का काम होता है। अधिकांश दुकानें मकान के निचले हिस्से में संचालित हैं। जबकि सुरक्षा के इंतजाम यहां नाकाफी हैं।

अपार्टमेंट की जांच करने पहुंचा निगम अमला: देवकृष्ण अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर बनी दुकानों की जांच करने के लिए नगर निगम की टीम पहुंची। सिटी प्लानर प्रदीप वर्मा ने बताया कि इस बिल्डिंग का रिकॉर्ड निकाल रहे हैं। अगर ग्राउंड फ्लोर पर दुकानों की अनुमति नहीं होगी तो कार्रवाई की जाएगी।

मोची ओली हादसे में मृत दंपति के परिजन से मिलतेे सांसद शेजवलकर।
खबरें और भी हैं...