पांच माह बाद भी नाबालिग को नहीं ढूंढ पाई पुलिस
ग्वालियर| स्कूल से गायब आठवीं की नाबालिग छात्रा को ढूंढने में पुलिस नाकाम रही है। शुक्रवार को हुई सुनवाई में शासन की ओर से कोर्ट को बताया गया कि आरोपियों पर तीस हजार रुपए का इनाम घोषित करने के साथ ही साथ नाबालिग के मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया गया। कई स्थानों पर दबिश भी दी गई लेकिन नाबालिग के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस पर कोर्ट ने मामला आदेश के लिए सुरक्षित रख लिया है।
दरअसल, श्रीराम कुशवाह ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करते हुए नाबालिग बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई है। उनके वकील प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि याचिकाकर्ता की बेटी 18 अक्टूबर 2019 को जब स्कूल से घर नहीं लौटी तो पुलिस थाना गोले का मंदिर में एफआईआर दर्ज कराई। इसमें पास ही में रहने वाले अमित जाटव पर अपहरण का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। कई दिन बाद भी जब बेटी का कोई पता नहीं चला तो हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। गौरतलब है कि पूर्व में हुई सुनवाई में कोर्ट ने इस मामले की जांच सीबीआई अथवा सीआईडी को देने की बात कही थी।