साइंस कॉलेज की लैब में 25 लाख से लगेंगे 60 कंप्यूटर
साइंस कॉलेज की कंप्यूटर लैब में जल्द ही कंप्यूटर लगाए जाने का काम शुरू हो जाएगा। कॉलेज प्रबंधन की मानें तो अप्रैल के पहले पखवाड़े तक कंप्यूटर लग जाएंगे और छात्रों के लिए लैब शुरू कर दी जाएगी। लैब में 60 कंप्यूटर लगाए जाएंगे, इसके लिए 25 लाख रुपए मंजूर हुए थे। कंप्यूटर लगवाए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
उल्लेखनीय है कि दो साल पहले साइंस कॉलेज में कंप्यूटर लैब का लोकार्पण किया गया था। उस समय लैब में कुछ कंप्यूटर लगाए गए थे लेकिन इसके बाद यह कंप्यूटर हटा लिए गए। इसके बाद से ही लैब बिना कंप्यूटर के थी, यहां पर फर्नीचर लगाया गया था लेकिन वह भी खराब हो रहा था। छात्र लगातार लैब में कंप्यूटर लगवाए जाने की मांग कर रहे थे। छात्रों की मांग के बाद कॉलेज प्रबंधन ने उच्च शिक्षा विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा था। लैब में 60 कंप्यूटर लगाए जाने का प्रस्ताव मंजूर हो गया था। प्रस्ताव मंजूद होने के बाद 60 कंप्यूटर लगाए जाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी। यह प्रक्रिया भी पूरी हो गई है अब अप्रैल तक लैब में 60 कंप्यूटर लगाए जाने की प्रक्रिया पूरी हो जाने की उम्मीद है। इससे अगले सत्र में छात्रों को इस लैब का फायदा मिलेगा। अभी साइंस कॉलेज में लगभग 2000 छात्र कंप्यूटर की कक्षाओं से जुड़े हैं और उनके लिए सिर्फ एक ही लैब है इसकी वजह से छात्र कंप्यूटर का उपयोग ज्यादा समय तक नहीं कर पाते हैं। इसीलिए उन्होंने लैब में कंप्यूटर लगवाए जाने की मांग की थी।
छात्रों को लाभ मिलेगा
-डॉ. बीएल अहिरवार, प्राचार्य, साइंस कॉलेज