- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Gwalior News Mp News Teachers Are Asking The Students How Was Your Paper Will You Be Able To Pass Or Not
शिक्षक छात्रों से पूछ रहे हैं-आपका कैसा गया पेपर, पास हो पाएंगे कि नहीं
मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकंडरी अौर हाईस्कूल परीक्षा के रिजल्ट की चिंता छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों को भी है। परीक्षा के बाद शिक्षक छात्रों से पूछ रहे हैं कि उनका पेपर कैसा गया, वह पास हो जाएंगे या नहीं ? शिक्षकों की चिंता की वजह यह है कि स्कूल शिक्षा विभाग के अफसरों ने सभी स्कूलों के रिजल्ट का लक्ष्य तय कर दिया है। लक्ष्य से कम रिजल्ट होने पर प्राचार्यों और शिक्षकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हाईस्कूल का रिजल्ट 85 प्रतिशत और हायर सेकंडरी का रिजल्ट 95 प्रतिशत का लक्ष्य सभी स्कूलों को दिया गया है। रिजल्ट के लक्ष्य से यह शिक्षक चिंतित हैं और छात्रों के संपर्क में बने हुए हैं।
शिक्षा सत्र शुरू होने के साथ ही इस बार हाईस्कूल और हायर सेकंडरी का रिजल्ट सुधारने की कवायद शुरू कर दी गई थी। ग्वालियर-चंबल संभाग के शिवपुरी और भिंड का रिजल्ट अच्छा नहीं रहा था। इसलिए स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी अंचल के प्राचार्यों की बैठक लेने के लिए आए थे। बैठक में उन्होंने रिजल्ट दुरुस्त न करने पर कार्रवाई के संकेत दे दिए थे।
हाईस्कूल परीक्षा : वस्तुनिष्ठ प्रश्न के उत्तर के लिए पेपर शुरू होने तक केंद्र के बाहर खड़े रहे छात्र
ग्वालियर| माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल की परीक्षा में गुरुवार को गणित का पेपर था। परीक्षा केंद्रों के बाहर पेपर में आए वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का हल जानने के लिए छात्र आखिरी समय तक खड़े रहे। अंत में उन्हें चेतावनी दी गई कि अगर वह अब वह केंद्र के अंदर नहीं आए तो परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा। इसके बाद ही छात्र परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचे। गणित के पेपर में 30,749 छात्रों को परीक्षा देना थी लेकिन 29,262 छात्र ही परीक्षा देने के लिए पहुंचे। रजिस्टर्ड छात्रों में से 1487 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान जिले में एक भी नकल करने वाला छात्र नहीं पकड़ा गया। हालांकि जिले में फर्जी परीक्षार्थी बैठाए जाने की सूचना भी सुबह अफसरों तक पहुंची थी इसके बाद सभी केंद्रों पर एक-एक छात्र के प्रवेश पत्र पर लगे फोटो और परिचय पत्र को देखा गया था। हालांकि जिले में एेसा कोई प्रकरण सामने नहीं आया।
अच्छे परिणाम के लिए दो बार आयोजित की गई प्री-बोर्ड परीक्षा
बोर्ड परीक्षा का परिणाम लक्ष्य के अनुरूप हो, इसके लिए हाईस्कूल और हायर सेकंडरी के लिए दो बार प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित की गई थी। इससे पहले एक ही प्री-बोर्ड परीक्षा होती थी। इस बार प्री-बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट के बाद छात्रों को सभी कठिन प्रश्नों का अभ्यास कई बार कराया गया था और दूसरी प्री-बोर्ड परीक्षा के बाद उसी दिन छात्रों की कक्षा लगाकर उन्हें प्रश्न पत्र के उत्तरों के बारे में बताया गया। इतनी तैयारी के बाद भी शिक्षक आशंकित हैं और अपने छात्रों से परीक्षा के बाद पूछ रहे हैं कि पेपर कैसा गया? गुरुवार को हाईस्कूल का गणित का पेपर था, जिसके बाद में शिक्षक छात्रों से पेपर के बारे में पूछ रहे थे।
शिक्षकों की चिंता वाजिब है
-विकास जोशी, डीईओ, ग्वालियर
जीवाजीराव स्कूल परीक्षा केंद्र में हाई स्कूल की परीक्षा देने जाते परीक्षार्थी।