पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

तीन दिन में बताएं- कांग्रेस के साथ हैं या सिंधिया के

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भाजपा में ज्योतिरादित्य सिंधिया के शामिल होते ही सोशल साइट्स पर इस्तीफा देने वाले कांग्रेस नेताओं को पार्टी ने 3 दिन का समय अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए दिया है। क्योंकि, सोशल साइट्स पर 10 मार्च से कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पदों से इस्तीफे की पोस्ट डाल रहे हैं लेकिन जिला कांग्रेस कमेटी के पास अभी तक सिर्फ दो इस्तीफे ही अधिकृत तौर पर पहुंचे हैं इनमें इस्तीफा देने वाले केसी राजपूत और काशीराम देहलवार हैं। बाकी किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता ने संगठन को विधिवत तौर से इस्तीफा नहीं दिया है। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि संगठन ने ऐसे सभी लोगों को मंगलवार तक अपनी स्थिति पार्टी दफ्तर में स्पष्ट करने के लिए समय दिया है। जो लोग इस्तीफा दे देंगे, उन्हीं का इस्तीफा मान्य किया जाएगा। वहीं प्रदेश महासचिव दुष्यंत साहनी ने शहर अध्यक्ष श्री शर्मा को पत्र भेजकर इस्तीफे की घोषणा करने वालों को पार्टी से बाहर करने की मांग की है।

व्यापार मेला अध्यक्ष समेत चार ने दिए इस्तीफे

ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रशांत गंगवाल ने भी शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे की पुष्टि की, लेकिन कांग्रेस से नाता तोड़ने पर फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया। प्राधिकरण से अब तक 3 इस्तीफे सामने आए हैं। उपाध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संचालक किशन मुदगल और रामसुंदर सिंह पहले ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में मेला पद और कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। अभी संचालक मेहबूब खां, सुधीर मंडेलिया, शील खत्री, नवीन परांडे के इस्तीफे नहीं हुए हैं। प्राधिकरण में नियुक्तियां सितंबर में हुई थीं और ये पूरी टीम ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबियों की रही।

भाजपा के मुखर्जी भवन में लगेगा माधवराव का फोटो

ग्वालियर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ज्योतिरादित्य सिंधिया के पहले आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी द्वारा मुखर्जी भवन के नीचे या अनुमानित भीड़ को देखते हुए शहर के किसी बड़े मैरिज गार्डन में स्वागत कार्यक्रम अयोजित किया जाएगा। शहर अध्यक्ष देवेश शर्मा ने बताया कि अभी श्री सिंधिया का कोई कार्यक्रम नहीं आया है। लेकिन पार्टी अपने स्तर पर सभी तैयारियां कर रही है। साथ ही पार्टी का आदेश मिलने पर दिवंगत माधवराव सिंधिया की फोटो भी लगाएंगे। अभी तक मिल रही जानकारियों के अनुसार, श्री सिंधिया ग्वालियर दौरे के दौरान कटोराताल स्थित छत्री पहुंचकर माधवराव सिंधिया को नमन करेंगे और उसके बाद मुखर्जी भवन जा सकते हैं।

खबरें और भी हैं...