गौशाला के विकास में पैसों की कमी नहीं अाने दी जाएगी
ग्वालियर| गौशाला के विकास के लिए पैसे की कमी नहीं आने दी जाएगी। सड़क पर घूमने वाली गायों को रखने के लिए प्रदेश सरकार जगहों को चिन्हित कर रही है। इसके लिए सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं। यह बात केंद्रीय कारागार स्थापना दिवस के अवसर पर पशुपालन मंत्री लाखन सिंह ने केंद्रीय जेल की गौशाला में 10 लाख रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास करते हुए कही। श्री सिंह ने बताया कि जेल अधीक्षक की ओर से मांग की गई थी कि निराश्रित गौवंश संचालन के लिए शेड की बेहद आवश्यकता है, जिससे गौशाला ठीक से संचालित हो सके। इसके लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। गौशाला के लिए जितना भी पैसा लगेगा वह दिया जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश को लेकर काफी चिंतित हैं। लगातार गौशालाएं खोली जा रही हैं। बरई के पास नौलंदा ताल जगह देखी गई। यहां पर 14 करोड़ की लागत से गौशाला बनाने की तैयारी चल रही है। इस अवसर पर जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू, उप जेल अधीक्षक प्रभात कुमार, उप जेल अधीक्षक महेश प्रसाद टिकारिया, सहायक जेल अधीक्षक महावीर बघेल, सहायक जेल अधीक्षक विपिन दंडोतिया आदि उपस्थित थे।