- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Gwalior News Mp News Videocoach Bus Even After Seven And A Half Months No Shifting Operators Are Riding From Kampu
वीडियोकोच बस...साढ़े सात माह बाद भी शिफ्टिंग नहीं, कंपू से सवारी बैठा रहे ऑपरेटर
रॉक्सी पुल से लेकर कंपू, ईदगाह और केआरजी तिराहे तक ट्रैफिक जाम का सबसे बड़ा कारण वीडियोकोच बसें बन रही हैं। साढ़े सात महीने बाद भी नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस इन्हें सड़कों से हटाकर झांसी रोड पर शिफ्ट नहीं कर पाई है। वीडियोकोच बस ऑपरेटर कंपू से ही सवारी बैठा रहे हैं, दिनभर यहीं बसें खड़ी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, सामान की लोडिंग-अनलोडिंग भी यहीं हो रही है। नतीजा, ईदगाह से केआरजी तिराहे तक रोज जाम लग रहा है। शुक्रवार दोपहर में यहां एक वीडियोकोच बस की वजह से हालात इतने बिगड़ गए कि एक घंटे तक जाम लगा रहा। एसपी नवनीत भसीन को फोन पर शिकायत की गई, तब यहां ट्रैफिक पुलिस पहुंची और जाम खुलवाने की कवायद शुरू हुई। शनिवार को भी बसों के कारण जाम की स्थिति नजर आई।
साढ़े सात महीने, सख्ती न होने से आम लोगों को नहीं मिली राहत
1 अगस्त 2019 को तत्कालीन कलेक्टर अनुराग चौधरी और एसपी नवनीत भसीन ने लश्कर इलाके में खड़ी होने वाली 72 वीडियोकोच बसों को झांसी रोड से चलाने का निर्णय लिया। झांसी रोड पर नए बस स्टैंड के पास जगह बस चालकों को उपलब्ध करा दी गई। लेकिन सख्ती न होने की वजह से वीडियोकोच बस ऑपरेटर यहां नहीं गए और शहर के अंदर से ही बसें चला रहे हैं।
देखिए... कैसे बिगड़ रहे हैं हालात
शुक्रवार दोपहर 12 बजे वीडियोकोच बस आरजे 51 पीबी 1155 ईदगाह की तरफ से कंपू तिराहे पर पहुंची। इस बस की छत पर सामान लोड था। नेहरू उद्यान के सामने बीच सड़क पर बस में से सवारियों को उतारा। इसके बाद आगे बढ़ी और जाम लगना शुरू हो गया। बस पद्मा विद्यालय के सामने बंद हो गई और जाम लगने लगा। बस ने आधे से ज्यादा सड़क घेर रखी थी। यहां एक घंटे तक जाम लगा रहा। पद्मा विद्यालय में से परीक्षा देकर छूटे छात्र भी यहां फंस गए। कुछ लोगों ने एसपी नवनीत भसीन को फोन पर शिकायत की। तब एसपी ने डीएसपी ट्रैफिक नरेश अन्नोटिया को वहां भेजा, फिर यहां जाम खोलने की कवायद शुरू हुई। बस निकलने के बाद ही जाम खुल सका। बस आगे आमखो पर पहुंची और यहां सामान उतारा। इसके बाद यहीं खड़ी हो गई। शनिवार को भी हालात ऐसे ही रहे।
यह हैं जिम्मेदार
{ट्रैफिक पुलिस: ट्रैफिक पुलिस को ऐसे बस ऑपरेटरों पर कार्रवाई करनी थी, जो शहर के अंदर से बसें संचालित कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस न तो वीडियोकोच बसों पर कार्रवाई कर पाई और न ही आम-खो बस स्टैंड से सभी बसों को हटवाया जा सका।
{नगर निगम: नगर निगम को झांसी रोड में बसें खड़ी होने के लिए टाइल्स, रोशनी और बेंच का इंतजाम करना था। यह व्यवस्था नहीं की गई।
यहां भी बिगड़ेे हालात
{हॉकर्स: कंपू तिराहे से लेकर ईदगाह तक सड़क किनारे हॉकर्स, हाथ ठेले वालों का कब्जा है। यहां अफसरों ने दौरा कर एक महीने पहले सड़क से हॉकर्स हटवाए थे। कंपू में तो जहां हॉकर्स सड़क पर बैठते हैं, उसके पीछे ही हॉकर्स जोन है। यह खाली पड़ा है लेकिन हॉकर्स की शिफ्टिंग नहीं हो पाई। यहां रोज जाम लग रहा है।
{मार्किंग: दाल बाजार में लोडिंग वाहनों के लिए मार्किंग होनी थी। तीन महीने बीत गए लेकिन ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम मार्किंग नहीं करा पाए। ऐसे में यहां दिनभर जाम लगता है।
वीडियोकोच बस की वजह से कंपू से केआरजी तिराहे तक लगा जाम।