गुप्तेश्वर पहाड़ी पर कुंड में कूदकर युवक ने दी जान
परिजनों से झगड़ा होने पर एक युवक ने खुदकुशी कर ली। वह गुस्से में अपने घर से निकला था, इसके बाद गुप्तेश्वर पहाड़ी पर पहुंचा। यहां मंदिर के पास ही बने कुंड में कूदकर जान दे दी। दोपहर में उसका शव बरामद हुआ। जनकगंज पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
टीआई थाना जनकगंज प्रीति भार्गव ने बताया कि गोल पहाड़िया निवासी पवन जाटव गुरुवार दोपहर अपने घर से गुस्से में निकला था। उसका अपने परिजनों से झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह एक्टिवा लेकर घर से चला गया। वह जाते-जाते यह भी धमकी देकर गया कि वह अपनी जान देने जा रहा है। परिजन उसकी यह बात सुनकर डर गए। परिजन उसे ढूंढने के लिए निकले। कुछ देर बाद गुप्तेश्वर पहाड़ी के पास उसकी एक्टिवा खड़ी मिल गई। उसे ढूंढते हुए जब कुंड की तरफ गए तो यहां उसका शव पानी में उतरा रहा था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला।
दुर्ग एक्सप्रेस के आगे युवक कूदा, एक पैर कटा
जम्मूतवी से दुर्ग जाने वाली 12550 साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के आगे गुरुवार की रात्रि एक युवक कूद गया। ट्रेन के चालक ने तत्काल ब्रेक लगाए, फिर भी वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसका एक पैर कट गया। युवक को स्टाफ ने तत्काल रेल ट्रैक से ऊपर उठाया और ट्रेन को दुर्ग के लिए रवाना किया। इधर स्टाफ ने युवक को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस 108 पर सूचना दी। लेकिन एंबूलेंस सूचना के तत्काल बाद भी रेलवे स्टेशन पर नहीं पहुंची। युवक के बेहोशी की हालात में पहुंचने से नाम व पता नहीं चल सका है।
इधर...बरा गांव की खदान में गिरा युवक उसके मामा और दमकलकर्मियों ने बचाया
पुरानी छावनी स्थित बरा गांव की खदान में एक युवक गिर गया। युवक जब खदान में गिरा तो उसका मामा भी उसे बचाने के लिए खदान में भरे पानी में कूद गया। किसी तरह उसे किनारे पर तो ले आए लेकिन पानी बहुत ठंडा था, इसके चलते युवक की हालत बिगड़ गई। तब तक दमकल कर्मी यहां पहुंच गए और कमर में रस्सी बांधकर नीचे उतर गए। युवक को बाहर निकाला और उसे अस्पताल भिजवाया। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बरा गांव निवासी मुकेश पुत्र काशीराम जाटव (23) गुरुवार दोपहर में खदान के किनारे पर खड़ा था। यहीं उसका मामा भी खड़ा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खदान में गिर पड़ा। खदान के आधे हिस्से में पानी भरा था, जबकि आधा हिस्सा सूखा था, जिसमें कचरे का ढेर था। युवक के खदान में गिरते ही उसका मामा भी कूद गया और उसे बाहर निकालकर किनारे पर ले आया। बाद में गोताखोर बिंदु खानकी मदद से दोनों को बाहर निकाला गया।