पनिहार इलाके में कुएं में गिरकर युवक की मौत
ग्वालियर| कुएं में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। उसका भाई भी कुएं के पास खड़ा था, तभी वह गिर गया। युवक कुएं में पैर फिसलने से गिरा या फिर उसने छलांग लगा दी, इसकी जांच पुलिस कर रही है। यह घटना पनिहार इलाके की है। पनिहार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
थाना प्रभारी पनिहार अमित शर्मा ने बताया कि बरई गांव निवासी टिंकू (30) पुत्र मांगीलाल राठौर शनिवार रात 8 बजे घर के पास कुएं में गिर गया। उसका भाई भी पास ही में खड़ा था। उसके भाई ने आसपास मौजूद लोगों को बुला लिया। इसके बाद गांव के लोगों ने उसे निकालने की कोशिश की। लेकिन रात में अंधेरा होने की वजह से कुछ नजर नहीं आ रहा था। करीब दो घंटे बाद उसका शव कांटे में फंसा। इसके बाद उसे बाहर निकाला गया।