सूकाखेड़ी में तेज हवा से खेतों में फसल आड़ी
मुलताई| ग्राम सूकाखेड़ी में बुधवार को दोपहर में लगभग दस मिनट तक तेज हवा चली। हवा से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल आड़ी हो गई। लगभग दो सौ एकड़ में लगी फसल को नुकसान हुआ है। हवा से पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए। सूकाखेड़ी निवासी हेमंत चौहान, मूलसिंग चौहान, सोमसिंग चौहान, चंदासिंग राठौड़, राजू राठौड़ आदि ने बताया गांव के सभी किसानों के खेतों में अभी गेहूं की फसल हरी है। इस साल सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने से फसल अच्छी थी। तेज हवा से सभी के खेतों में गेहूं की फसल आड़ी हो गई। जिससे गेहूं का उत्पादन प्रभावित होगा। आड़ी फसल से गेहूं का दाना बारीक हो जाएगा। हवा से मूलसिंग चौहान के खेत में बने मकान की टीन शीट भी उड़ गई।