अभियान : ग्राम सेवा समिति ने कम लागत में रसायन रहित खेती अाैर उत्पादन देखा
ग्राम सेवा समिति रोहना निटाया के सदस्याें ने जैविक खेती जन अभियान में उन खेताें काे देखा जहां रासायनिक खाद के बिना खेती की जा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को एक-दूसरे के खेतों में जाकर परस्पर सीखने के अवसर देना, रसायन रहित खेती में कम लागत और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन को बढ़ावा देना है। समिति के सदस्यों ने यहां कीट प्रबंधन, मिट्टी की उर्वरकता, बेहतर उत्पादन पर अनुभव साझा किए। हाेशंगाबाद जिले से समिति के सदस्य संरक्षक सुरेश दीवान और प्रो.कश्मीर सिंह उप्पल के नेतृत्व में हरदा जिले के सोनतलाई और बालागांव पहुंचे। सोनतलाई में किसान मनोज पटेल 80 एकड़ में गौ आधारित, रसायन रहित खेती करते हैं। वे तुवर और चना की दलहनी फसल ले चुके हैं। उनके खेत में गेहूं, तरबूज सहित कुछ सब्जियां और फलों की फसल है। उनकी गौशाला देखी और देसी गिर और साहीवाल गौवंश की जानकारी ली। यह दल बालागांव पहुंचा। यहां के लघु कृषक नन्हेंलाल भाटी के खेत पर जाकर देखा कि जैविक तरीके से कैसे खाद तैयार की जाती है। दल में ग्राम सेवा समिति अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र कुमार चौधरी, जमानी से हेमंत दुबे, ग्राम दहेड़ी से संस्कार गौर, ढाबाखुर्द से प्रतीक शर्मा, ग्राम रोहना से रूपसिंह राजपूत, राजेश शामली, विनीत पांडेय, धरमकुंडी से राकेश गौर, तीखड़ से प्रदीप वर्मा आदि शामिल थे।
इटारसी। ग्राम सेवा समिति के सदस्य खेताें का भ्रमण करते हुए।