शहर में जमकर बरसा रंग-गुलाल, पुलिस ने ड्रोन कैमराें से की निगरानी
शहर में होली का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने जमकर रंग और गुलाल खेला किसी भी प्रकार के उपद्रव से निपटने के लिए शहर के सभी प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने इस वर्ष ड्रोन कैमरों से शहर पर निगाह रखी। मंगलवार को जहां नागरिकों ने होली मनाई। वहीं बुधवार को मंगलवारा पुलिस थाने में होली के रंग बिखरे। पुलिसकर्मियों की मांग पर डीजे सेट लगाया गया और पुलिस बल जमकर रंग गुलाल खेलते हुए डांस करते रहा। शहर के नागरिक भी होली में शामिल हुए। दोपहर तक पुलिस होली के रंग में रही। इस दौरान थाने में ड्यूटी स्टाफ वर्दी पर रहा। धीरे-धीरे शहर से होली का त्यौहार विदा लेने लगा है। अधिकांश लोग होली पर शहर के आसपास खेतों में बने अपने फार्म हाउस पर गए जहां सीमित दोस्तों की पार्टियां आयोजित की गई। वही विभिन्न विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने अलग आयोजन मनाए। सुबह से दोपहर तक बाजार में दुकानें बंद रही जो कि दोपहर बाद खुल गई। पुलिस बल लगातार शहर की मुख्य सड़कों के साथ गलियों में भी घूमते रहा। कहीं से कोई अप्रिय वारदात की जानकारी नहीं है। इस वर्ष होली पर सूखे रंगों का प्रयोग ज्यादा देखा गया। किसी समय लिक्विड रंगों में कई तरह के पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन अब धीरे-धीरे सूखे रंगों का चलन बढ़ रहा है। गुलाल के साथ ही अन्य रंगीन पाउडर का प्रयोग लोगों ने होली में किया।
शहर में दर्जन भर से अधिक स्थानों पर जली होली, उड़ा रंग -गुलाल
सोहागपुर| रंग गुलाल का पर्व होली विगत मंगलवार को नगर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। करीब दर्जन भर से अधिक स्थानों पर होली जलाई गई। पर्यावरण प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए सभी जगह पर होली गोबर के कंडे लकड़ी नारियल आदि की जलाई गई। लोगों ने बाजे-गाजे के साथ रंग गुलाल खेलकर हंसी खुशी से होली का पर्व मनाया और एक दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएं दी। जवाहर वार्ड निवासी अनिल चौरसिया ने बताया कि होली पर्यावरण प्रदूषण को ध्यान में रखकर जलाई गई है। होली जलाने के लिए सूखी लकड़ी गोबर के कंडे आदि का उपयोग किया गया है, किसी भी हरे-भरे वृक्ष की डालियों को काटकर होली में नहीं डाला गया है। जब बड़े लोग एक दूसरे को प्यार से होली का रंग लगाते हैं तो फिर बच्चे भी कहां पीछे रहने वाले हैं। उन्होंने भी अपने साथियों के साथ जमकर होली खेली और एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाया। होली पर्व पर बिकने वाले रंग गुलाल एवं पिचकारी पर इस बार कोरोना का असर दिखाई दिया।
पिपरिया। मंगलवारा थाने में पुलिसकमियों ने होली मनाई।