जलधारा कॉलोनी के आधे बिजली कनेक्शन हुए वैध
शहर के जलधारा कॉलोनी क्षेत्र में किए गए अवैध बिजली कनेक्शन में से आधे बिजली कनेक्शन वैध कर दिए गए हैं। बाकी बचे कनेक्शन को भी अवैध करने की प्रक्रिया चल रही है। पिछले कई वर्ष से नाले के किनारे निवास कर रहे इन लोगों ने शासन से पट्टा भी मांगा है।
मालूम हो कि हाल ही में खुलासा हुआ था कि जलधारा कॉलोनी में रहने वाले 32 परिवारों को नपा की स्ट्रीट लाइट से बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। बिना मीटर के इन बिजली कनेक्शनों का उपयोग उस क्षेत्र में रहने वाले लोग कर रहे थे। यह जानकारी प्रकाश में आने पर काफी हंगामा नपा और बिजली कंपनी के बीच हुआ था। दोनों के बीच आपसी तालमेल से इन कनेक्शन को वैध करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जलधारा कॉलोनी में रहने वाले अनेक लोगों ने बिजली कंपनी में प्रति परिवार ढाई हजार रुपए की रसीद कटवा कर बिजली कनेक्शन मांगे थे। बिजली कंपनी के एई पुनीत नावलकर ने बताया कि अभी तक लगभग 15 परिवारों को बिजली कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इनमें से कई परिवार ऐसे भी हैं जिन्होंने साझे में बिजली का कनेक्शन लिया है। यानी कनेक्शन और मीटर एक है लेकिन उससे दो घरों में बिजली का उपयोग किया जाएगा और वे दोनों घर मिलकर बिजली का बिल दिया करेंगे। नवलकर ने बताया कि जो बाकी के परिवार रह गए हैं प्रयास किया जा रहा है कि वे भी निर्धारित शुल्क जमा कर बिजली का कनेक्शन करवा लें।