अवैध रेत खुदाई से पावर ट्रांसमिशन कंपनी की फेंसिंग गिरने की आशंका
नाहरबाड़ा में मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड की फेंसिंग दीवार गिरने का खतरा पैदा हो गया है। दीवार के पास बहने वाली नदी में रेत के लिए अवैध खुदाई करने वाले अब ट्रांसमिशन कंपनी के भवन तक पहुंच गए हैं। कंपनी ने प्रशासनिक अधिकारियों से सहयोग मांगा है।
मप्र पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड 220 केवी उप केंद्र नाहरबाड़ा के सहायक अभियंता ने एसडीएम पिपरिया और कार्यपालन अभियंता होशंगाबाद को पत्र भेजा है। तहसीलदार के नाम संबोधित पत्र में कहा गया है कि 220 केवी उपकेंद्र मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड पिपरिया नाहरबाड़ा के पास नदी में उप केंद्र की फेंसिंग के पास रेत खुदाई की जा रही है। यह रेत ट्रैक्टर ट्रॉलियों के द्वारा ले जाई जा रही है। लगातार चल रही खुदाई से उप केंद्र की फेंसिंग के पास बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और फेंसिंग भविष्य में गिर सकती है। पत्र के माध्यम से कहा गया है कि उचित कार्रवाई की जाए। कंपनी के द्वारा अवैध खुदाई के प्रमाण भी पत्र के साथ प्रस्तुत किए गए हैं। मालूम हो नाहरबाड़ा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत और मिट्टी का अवैध खनन कार्य चल रहा है जिसे रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उचित कार्रवाई की जाएगी
राजेश बोरासी, तहसीलदार पिपरिया