अॉटो में मीटर नहीं, मनमाना किराया वसूल रहे चालक
पिपरिया | शहर में लोकल आवागमन के लिए चलने वाले अॉटो में मीटर नहीं लगे होने के कारण अॉटो चालक लोगों से मनमाना किराया वसूल कर रहे हैं। यही बड़ी तादाद में ऑटो का उपयोग 20 से 25 किलोमीटर दूरी तक बड़े यात्री वाहनों के रुप में किया जा रहा है। शहर में जिस तरह से अॉटो चलाए जा रहे हैं, उससे जाहिर हैं उन पर पुलिस या यातायात विभाग का कोई नियंत्रण नहीं है। पिपरिया में हाल ही के कुछ वर्षों में बड़ी मात्रा में ऑटो चलन में आ गए हैं। यह अॉटो मुख्य रुप से रेलवे स्टेशन, मंगलवारा बाजार में सिटी थाने के पास, न्यू बस स्टैंड, पचमढ़ी बस स्टैंड, शोभापुर रोड तिराहा, मंगलवारा बाजार आदि स्थानों पर मिलते हैं।