पिपरिया| नर्मदा घाटी विकास एवं पर्यटन कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल का बुधवार को पिपरिया में आगमन हुआ। शासकीय रेस्ट हाउस में युवक कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य पलिया और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप पालीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जय माता दी समिति के द्वारा सांडिया में नर्मदा नदी पर घाट निर्माण की मांग की गई जिस पर मंत्री बघेल ने कहा सकारात्मक रूप से इस पर विचार किया जाएगा। मंत्री बघेल पिपरिया में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीनारायण काबरा के निवास पर भी सौजन्य भेंट करने के लिए गए।
पर्यटन विकसित किया जाएगा। मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल ने कहा पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर भाजपा सरकार ने बंदरबांट की है। टूरिज्म के मोटल को लंबी लीज पर कौड़ियों के दाम दिए गए हैं। अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए टूरिज्म की जमीने मोटल, संपत्ति दे दी गई हैं। सब्सिडी भी दी गई है। इन सब की जांच कराई जाएगी और दोषी लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्हाेंने कहा कि पिछले 15 साल में प्रदेश में पर्यटन को लेकर कुछ विशेष नहीं हुआ है। हम पर्यटन को प्रदेश में नए सिरे से स्थापित भी करेंगे और विकसित भी करेंगे। इसके लिए नए पर्यटन स्थलों का चयन किया जा रहा है। एडवेंचर स्पोर्ट्स को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसी के साथ साइकिलिंग और वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां भी प्रदेश में बढ़ाई जाएंगी। मुख्यमंत्री कमलनाथ का कहना है कि पर्यटन के माध्यम से लोगों को महिलाओं को रोजगार मिले।