राईखेड़ी कचरा मैदान की बदलेगी सूरत, होंगे आयोजन
इतवारा बाजार क्षेत्र में स्थित राईखेड़ी कचरा मैदान को खेल सहित अन्य सामूहिक बड़े आयोजनों के लिए तैयार किए जाने की तैयारियां जोर पकड़ गई हैं। नपा शासन को प्रस्ताव भेज रही है, वहीं कचरा डंप करने के लिए जमारा गांव के पास खाली पड़ी शासकीय भूमि को लेने की कवायद की जा रही है। नपा प्रशासक एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी ने बताया कि राईखेड़ी पुलिया कचरा मैदान में एक गोलाकार मैदान विकसित किए जाने की योजना है। गोलाकार मैदान में एक स्टेज बनाया जाएगा। इसी के साथ बैठक व्यवस्था रहेगी और इंडोर खेलों के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। लगभग साढ़े तीन एकड़ मैं तैयार होने वाले इस मैदान में चारदीवारी भी बनाई जाएगी और यहां होने वाले आयोजन को लोग देख सकें इसके लिए बैठक व्यवस्था भी बनाई जाएगी। इसका नक्शा आ चुका है उसमें कुछ संशोधन के साथ प्रस्ताव नगरीय प्रशासन विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है।
जमारा गांव के पास बनेगा कचरा मैदान: नपा प्रशासक रघुवंशी ने बताया कि जमारा गांव के पास एक खाली मैदान चिन्हित किया गया है। इस मैदान को कचरा मैदान बनाए जाने की योजना है। अभी यह भूमि शासन की है। इसे नगर पालिका को दिए जाने की कार्रवाई कलेक्टर कार्यालय होशंगाबाद में विचाराधीन है। वहां से अगर स्वीकृति मिल जाती है तो राईखेड़ी पुलिया के पास बने कचरा मैदान का सारा कचरा वही भेजा जाएगा।