पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नलों से टोटियां गायब, पानी हाे रहा बर्बाद

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पिछले वर्ष क्षेत्र में गहराए जल संकट से लोगों ने कोई सबक नहीं लिया है। पानी की बर्बादी का सिलसिला लगातार जारी है। ना तो नगर पालिका सभी सार्वजनिक नलों में टोंटियां लगवा पाई ना ही लोगों ने पानी को बर्बाद करना बंद किया है। गर्मी दस्तक देने लगी है ऐसे में अगर विशेष अभियान चलाकर पानी की बर्बादी को रोका जाए तो स्थिति बेहतर हो सकती है।

अभी दो माह पहले ही नपा में पानी को बचाने की बात उठी थी। परिषद की बैठकों मैं भी कहा गया कि शहर के वे सभी सार्वजनिक नल जिनमें टोटियां नहीं लगी हैं और पानी बेकार बहता है। उनमें नपा टोटियां लगवाएगी। इसके बाद भी ऐसे किसी नल में टोंटी लगाए जाने की जानकारी नहीं है। इसके चलते रोजाना बड़ी मात्रा में पानी बेकार बह रहा है। मुख्य सड़क के साथ ही शहर की गलियों में भी अनेक जगह बिना टोटी के नलों से पानी बहता रहता है, लेकिन इस पर न तो लोग ध्यान दे रहे हैं और न ही नगर पालिका।

500 सार्वजनिक नल

नपा के द्वारा शहर में 500 सार्वजनिक नलों में निशुल्क पानी दिया जा रहा है। ये सार्वजनिक नल कम ही नजर आते हैं। इसका मुख्य कारण इन नलों पर प्रभावशाली लोगों के द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। कई लोगों ने नल घर के अंदर करवा लिए हैं वहीं कई लोगों ने नल की टोंटियां हटाकर उनमें मोटर लगा दी है और स्वयं पूरा पानी ले लेते हैं। ये लोग एक तरफ नपा को कोई शुल्क नहीं दे रहे दूसरी तरफ लोगों की जरूरत का पानी भी छीन रहे हैं। नपा अगर अपने नल तलाश करवाए तो ऐसे कई लोग सामने आएंगे।

रोड की रोजाना करते हैं धुलाई

शहर के मंगलवारा बाजार सहित शोभापुर रोड, रेलवे फाटक रोड और सांडिया रोड इलाके में ऐसी कई दुकानें हैं जिनके सामने का हिस्सा, सीढ़ियां और मुख्य सीमेंट रोड को दुकानदार पानी से धोते हैं। आसपास के सार्वजनिक नल में पाइप लगाकर यह लोग रोड की धुलाई कर रहे हैं इसके कारण रोजाना बड़ी संख्या में पानी की बर्बादी हो रहा है। अगर सुबह-सुबह चेकिंग की जाए तो अनेक लोग पानी की बर्बादी करते हुए नजर आएंगे।

विनोद कुमार प्रजापति, सीएमओ

खबरें और भी हैं...