पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर/जयपुर. इंदौर से जयपुर लाैटे कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने मीडिया से कहा कि कमलनाथ सरकार पूरी तरह सुरक्षित है। सरकार गई ही कहां थी, जो जाने की बात कही जा रही है। जयपुर में 84 विधायक 2 रिजॉर्ट में रुके हैं, सभी एकजुट हैं। अभी कितने दिन रुकेंगे, यह साफ नहीं है। मध्य प्रदेश जाने का अभी हमारा कार्यक्रम नहीं है। कल कैबिनेट की बैठक है, इसलिए कुछ मंत्री भाेपाल जा सकते हैं। उन्हाेंने कहा कि बेंगलुरु में रुके विधायक हमारे साथ हैं, उन्हें तो सिंधिया राज्यसभा में जाने के लिए दबाव बनाने की बात कहकर ले गए थे।
2 दिन इंदौर रुकने के बाद जयपुर रवाना हुए शुक्ला
2 दिन इंदौर में रुकने के बाद कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। वहां से वे जयपुर रिजॉर्ट पहुंचे, जहां बाकी विधायकों को रखा गया है। दिवंगत माताजी के कार्यक्रम के लिए आए शुक्ला ने गुरुवार को तब हलचल मचा दी थी, जब वे भोपाल लौटते वक्त बीच रास्ते से ही वापस इंदौर आ गए थे। इसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि ये कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी को राज्यसभा टिकट न मिलने की नाराजगी का असर है। शुक्ला पचौरी के करीबी हैं। सूत्र बताते हैं कि पचौरी के संकेत के बाद ही शुक्ला यहां रुके थे। उनसे बात करने के बाद वे रवाना हुए। हालांकि शुक्ला का कहना है कि उनकी पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ने से वे लौटे थे, वे कांग्रेस के साथ थे और रहेंगे।
बाकलीवाल पूरे समय रहे साथ
कांग्रेस विधायकों को लेकर कितनी सतर्क है, इसका अंदाजा शुक्ला के इंदौर आने से लगा। वे बुधवार रात इंदौर आए तो शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष विनय बाकलीवाल साथ थे। सुबह फिर बाकलीवाल उनके घर चले गए। दिनभर माताजी के कार्यक्रमों में भी वे साथ रहे, शाम को भोपाल छोड़ने भी वे ही गए और जब शुक्ला रास्ते से लौटे, तब भी वे साथ में थे। शुक्रवार को उन्हें दिल्ली लेकर बाकलीवाल ही गए।








Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.