पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
इंदौर . पिपल्याहाना में होली पर अपने रिश्तेदार के घर गमी का रंग डालकर लौट रहे पिता-पुत्र को अंध गति से आई एक कार ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार एक लड़की चला रही थी, जो नशे में धुत्त थी। कार में सवार अन्य लड़के-लड़कियां भी नशे में थे। ये लोग क्रिसेंट वाटर पार्क से लौट रहे थे। हादसे के बाद सभी फरार हो गए। खुड़ैल टीआई रूपेश दुबे के अनुसार घटना मंगलवार शाम 5 बजे की है, जिसमें कम्पेल के 60 वर्षीय मुरारीलाल पटेल और उनके 36 वर्षीय बेटे तेजकरण की मौत हो गई।
मुरारीलाल के ससुर का देहांत हो गया था, वहां गमी का रंग डालने के लिए बाइक से गए थे। लौटते वक्त बिहाड़िया गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। पिता-पुत्र बाइक सहित उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। दोनों को सिर व हाथ-पैर में गंभीर चोट आई। एमवायएच में दोनों ने दम तोड़ दिया। मुरारीलाल गांव के छोटे किसान थे और बेटा ड्राइवरी करता था। उनके घर में अब तेजकरण का 8 साल का मासूम बेटा ही वारिस बचा है।
वाटर पार्क के कैमरे चेक करेगी पुलिस
टीआई रूपेश दुबे के अनुसार लोगों ने यही बताया है कि कार में सवार युवक-युवतियां नशे में थे। हम जांच कर रहे हैं। वाटर पार्क से लेकर अन्य जगहों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाएंगे। कार अभी भी मौके पर पड़ी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.