पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पॉलिसी मेच्योर का झांसा देकर पादरी से की ठगी, बदमाश ने तीन बार नाम बदलकर 7 लाख रुपए ठगे

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रातीकात्मक फोटो। - Dainik Bhaskar
प्रातीकात्मक फोटो।
  • बदमाश ने नाम बदला और ज्यादा पेमेंट देने का झांसा देकर रुपए ट्रांसफर कराता गया
  • भंवरकुआं पुलिस ने तीन अलग-अलग अकाउंट धारकों के खिलाफ केस दर्ज

इंदौर. भंवरकुआं थाने के पास रहने वाले एक पादरी को बदमाशों ने ठगी का शिकार बना लिया। बदमाशों ने उन्हें पॉलिसी मेच्योर होने के नाम पर झांसे में लिया और अपने अकाउंट में 7 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4 मोबाइल नंबर और खाता धारक के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक, सत्य प्रकाशन संचार केंद्र में रहने वाले 63 साल के फादर लारेंस फर्नाडीस की शिकायत पर चार मोबाइल नंबर और एक खाता धारक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। उन्होंने रिलायंस कंपनी की दो पॉलिसी खरीदी थी, जिसकी की डेट पास आ चुकी थी। जनवरी 2017 में उन्हें पहली बार किसी मोहन नेगी नामक व्यक्ति का फोन आया और बोला कि वह पूरा पैसा दिला देगा। उन्हें ज्यादा पैसा मिलेगा, क्योंकि एजेंट को 45 प्रतिशत चला जाता है, लेकिन नेगी ऐसा नहीं होने देगा। इस बात पर उसने फादर को झांसे में लेकर प्रोसेसिंग के नाम पर 1.17 लाख रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए, इसके बाद उसने फोन बंद कर लिया।

अन्य व्यक्ति के नाम से आया फोन, और फिर ट्रांसफर करा लिए 3.40 लाख रु
कुछ समय बाद उन्हें निकेत मंडल नामक व्यक्ति का फोन आया। बोला कि पिछली बार का पैसा तो अटक गया होगा, वह नए तरीके से रुपए डलवा देगा। आप जितना पैसा दोगे उतना ज्यादा फायदा होगा। इस तरह से उसने झांसे में लेकर फादर से 3.40 लाख रुपए अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। उसने भी कुछ दिन बाद अपना संपर्क नंबर बंद कर लिया। फादर को समझ ही नहीं आ रहा था कि वे ठगी का शिकार हो रहे हैं। कुछ समय बाद उन्हें फिर से बदमाश का फोन आया और उसने अपना नाम श्री कृष्ण महाजन बताया। महाजन ने बोला कि पहले वाले सभी फर्जी थे। वे झूठे लोग थे और इस बार वह पैसा पूरा लौटाने की कोशिश करेगा। अपना कमीशन भी नहीं लेगा। बस आप तो जीएसटी और अन्य टैक्स के नाम पर 1.98 लाख रुपए अकाउंट में ट्रांसफर करा लें। इस तरह आरोपियों ने उनसे 7 लाख रुपए की ठगी की थी। फादर ने तब से शिकायतें की और अब पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज किया है। माना जा रहा है कि यह एक ही आरोपी है, जो अलग-अलग नाम से फोन लगाकर फादर को ठगता रहा। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।