पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
इंदौर. पश्चिम क्षेत्र में रंग पंचमी पर शनिवार को उल्लास का रंग उड़ेगा। राजवाड़ा पर मिसाइल से लाखों लोगों पर जमकर रंग-गुलाल उड़ाया जाएगा। शहर के इस गेर उत्सव को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने अपना रूट प्लान तैयार कर लिया है। भारत माता मंदिर टोरी कार्नर से शुरू होने वाली यात्रा के दौरान पूरे गेर मार्ग पर किसी भी तरह के वाहनों को आने नहीं दिया जाएगा। शहर के मध्य क्षेत्र के समूचे बाजार में वाहनों की गलियों में बेरिकेटिंग कर वाहनों को घुसने से रोका जाएगा। वहीं पूरे गेर मार्ग पर सुरक्षा के लिए 3500 जवानों का फोर्स तैनात होगा। पुलिस वीडियो कैमरे से रिकार्डिंग के अलावा दूरबीनधारी जवानों को हाइराईज बिल्डिंग्स पर तैनात कर असमाजिक तत्वों पर नजर रखेगी।
विशेष सुरक्षा बंदोबस्त किये गए
डीआईजी रुचि वर्धन मिश्र ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों में बाहरी वाहनों को या अन्य दुपहिया वाहन पर गेर देखने आने वालों को किसी भी तरह की एंट्री नहीं दी जाएगी। गेर मार्ग में पैदल घूमने वालों को बाजारों के मुहाने पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयार किए गए बैरिकेटिंग प्वाइंट पर वाहन लगाने होंगे। वहीं, सार्वजनिक पार्किंग में भी वे वाहन लगा सकेंगे। मल्हारगंज इलाके में टोरी कार्नर से शुरू होने वाली गेर के आखरी छोर मृगनयनी तक आम लोगों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग प्वाइंटों पर विशेष सुरक्षा बंदोबस्त रखे गए हैं। पूरे मार्ग पर महिला व पुरुष पुलिस जवानों की टोलियां उत्पात या हुड़दंग करने वालों पर नजर रखेगी।
ऐसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
राजबाड़ा क्षेत्र की ओर आने वाले मार्ग मृगनयनी, फ्रूट मार्केट, कृष्णपुरा, महेश जोशी टी, गोबर्धन टेलर टी, मल्हारगंज गोराकुण्ड, गोपाल बिल्डिंग, खण्डेलवाल धर्मशाला, जी. सच्चानंद, रामलक्ष्मण बजार, यशवंत रोड़, इन मार्गों से राजबाड़ा, सराफा,कपड़ा मार्केट, खजूरी बाजार, तथा गेर मार्ग पर वाहन पूरी तरह से प्रतिबंधित होंगे। इन्हीं बाजारों के शेष अन्य मार्ग पर किसी भी तरह के वाहन की आवाजाही आम लोग कर सकेंगे।
यहां करें पार्किंग
गेर में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किग प्रेमसुख टाॅकीज, संजय सेतु, रिवर्स साइड रोड, शिवाजी मार्केट पार्किग स्थलों में रहेगी। फायर बिग्रेड, एम्बुलेंस एव मरीजों के वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुविधा दी जाएगी। आमजन किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर हेल्प लाइन नम्बर 7049108479,7049107979, 7049108483, 07312349103 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.