पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे 6 बदमाश गिरफ्तार, प्रेमिका के शौक को पूरा करने बने चोर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुलिस की गिरफ्त में आए गैंग के सदस्य।
  • चंदन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया, इनके पास से छह बाइक, लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर सहित अवैध हथियार मिले
  • गैंग के सदस्य पहले बाइक चोरी करते थे, फिर इससे सूने मकानों में धावा बोल - चोरी की वारदात को अंजाम देते थे

इंदौर. शहर की चंदन नगर पुलिस ने वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक पेट्रोल पंप पर डकैती की याेजना बना रहे थे। पुलिस को इनके पास से चोरी की छह बाइक, कट्टा, जिंदा करतूस, धारदार हथियार सहित करीब तीन लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। आरोपियों के खिलाफ कई थाना क्षेत्र में अपराध दर्ज हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
चंदन नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि तफरी गार्डन के पास झाड़ियों के पीछे हथियार से लैस 6 संदिग्ध डैकती की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस की दो टीमों ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने छिपकर इनकी बातें सुनी तो पता चला कि ये लक्की पेट्रोल पंप में डकैती डालने की तैयारी में हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को दबोच लिया। गिरफ्त में आए आरोपियों में इंदौर के रहने वाले अजय शुक्ला, विकास सिंह राठौर, रवि कन्हैयालाल और खरगोन के रहने वाले पवन सिंह, पर्वत साहबत राम और अर्जुन सिंह हैं।

प्रेमिका को घुमाने-फिराने के लिए चोर बने
आरोपियों की तलाशी लेने पर इनके पास से एक 12 बोर का कट्टा, 2 जिंदा कारतूस, एक तलवार, एक लोहे की रॉड, एक बेसबॉल का बैट, एक छुरा, एक दराता मिला। इसके अलावा इनके कब्जे से छह चोरी की बाइक भी बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पांच बाइक द्वारकापुरी थाना क्षेत्र और एक बाइक चंदन नगर थाना क्षेत्र से चोरी करना कबूला। इन्होंने कई नकबजनी की वारदात को भी अंजाम देना कबूला। इनके पास से करीब तीन लाख रुपए कीमत के सोना-चांदी के जेवर भी मिले। गैंग के सरगना आरोपी रवि और अजय आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। रवि पर विभिन्न थानों में आधा दर्जन से ज्यादा हत्या के प्रयास व नकबजनी के केस दर्ज हैं। वहीं आरोपी अजय पर चोरी के दो केस दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि प्रेमिका के शौक को पूरा करने के लिए ये वारदात को अंजाम देते थे।