पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Indore
  • Mahakal Will Get Gulal Before Evening Evening Aarti, Holi Will Be Lit At 8 Pm, Bhajan Evening

महाकाल को सांध्य आरती के पहले लगा गुलाल, रात 8 बजे जली होली, भजन संध्या का आयोजन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धुलेंडी मंगलवार से बाबा ठंडे जल से स्नान करेंगे।-फाइल फोटो - Dainik Bhaskar
धुलेंडी मंगलवार से बाबा ठंडे जल से स्नान करेंगे।-फाइल फोटो
  • धुलेंडी पर मंदिरों में हर्बल गुलाल चढ़ा, रंगपंचमी पर टेसू और केशर के रंग से खेलेंगे होली
  • मंदिर परिसर में हानिकारक रंग-गुलाल के उपयोग पर प्रतिबंध है

उज्जैन.फाल्गुन पूर्णिमा पर 9 मार्च की शाम महाकाल मंदिर में होली की शुरुआत हुई। नैवेद्य कक्ष में चंद्रमौलेश्वर को गुलाल लगाया गया। शाम 6.30 बजे सांध्य आरती के पहले भगवान महाकाल को गुलाल चढ़ाया गया। आरती के बाद पुजारी और भक्त ने प्रांगण में होलिका दहन किया। होली और धुलेंडी पर मंदिरों में भगवान को हर्बल गुलाल ही लगाया जाएगा। टेसू और केशर के रंगों का उपयोग करेंगे।

शहर में सबसे पहले महाकाल मंदिर की होली जली। यहां रात 8 बजे होलिका दहन हुआ। इसके बाद शहर में होली जलाने की शुरुआत हुई। शहर में धुलेंडी पर तड़के होली जलेगी। धुलेंडी पर भस्मआरती में भगवान को गुलाल चढ़ाई जाएगी व भक्त भी होली खेलेंगे।

हानिकारक रंग-गुलाल के उपयोग पर लगाया प्रतिबंध
होलिका दहन के बाद मंदिर में भजन गायक हरिकिशन साबू उर्फ भोंपूजी ने भजन की प्रस्तुति दी। समिति सदस्य आशीष शर्मा के अनुसार परिसर में हर्बल गुलाल का ही उपयोग होगा। रंगपंचमी पर टेसू और केशर से बनाया गया रंग ही भगवान को चढ़ेगा। मंदिर में अन्य गुलाल व रंग का उपयोग नहीं होगा। हानिकारक रंग-गुलाल के उपयोग पर प्रतिबंध है।

धुलेंडी से ठंडे पानी से स्नान आरती का समय बदलेगा
भगवान महाकाल को शीतकाल में गर्म जल से स्नान कराया जा रहा है। धुलेंडी मंगलवार से बाबा ठंडे जल से स्नान करेंगे। मंदिर में तीन आरती के समय में भी परिवर्तन होगा। सुबह 7.30 बजे वाली आरती 7 बजे, 10.30 बजे वाली आरती 10 बजे तथा शाम 6.30 बजे वाली आरती 7 बजे से होगी। भस्म आरती और शयन आरती निर्धारित समय से होंगी।

बड़े गोपाल मंदिर में भगवान को अर्पित होगा नया धान
पुराने शहर स्थित बड़े गोपाल मंदिर के पुजारी अर्पित जोशी के अनुसार होली पर भगवान को हर्बल गुलाल का टीका लगाया जाएगा। सुबह 10.30 बजे आरती में भगवान को सभी नए धान चढ़ाए जाएंगे। होली पर आने वाली फसलों को भगवान को अर्पित करेंगे। शुक्रवार को मंदिर में हर्बल गुलाल-रंग से ही होली खेली गई।

चिंतामन गणेश मंदिर में लाल गुलाब की होली
चिंतामन गणेश मंदिर में लाल गुलाब के फूलों से होली होगी। पुजारी शंकर गुरु के अनुसार मंगलवार को धुलेंडी पर चिंतामन में होली होगी। भगवान को सुबह 7 बजे शृंगार आरती के समय लाल गुलाब के फूलों से होली खिलाई जाएगी। भक्तजन भी फूलों के साथ हर्बल गुलाल से ही होली खेलेंगे। होली के लिए लाल गुलाब के फूल मंगवाए हैं।

खबरें और भी हैं...