- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Do Not Work After 8 O39clock In The Cantonment Grain Market
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
छावनी अनाज मंडी में रात 8 बजे के बाद काम नहीं करने पर अड़े हम्माल
छावनी अनाज मंडी में गुरुवार को 30 से ज्यादा हम्मालों ने सुबह 11 बजे काम बंद कर दिया। उनका कहना था कि वे 50 किलो से ज्यादा की बोरी नहीं उठाएंगे। रात 8 बजे बाद काम नहीं करेंगे। इस पर व्यापारियों ने भी दूसरी नीलामी में भाग नहीं लिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। दोपहर 3 बजे प्रशासनिक अफसरों व मंडी समिति सदस्यों ने दोनों पक्षों को समझाइश दी, तब काम शुरू हो पाया।
इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ के बैनर तले व्यापारियों ने सुबह 9 से साढ़े 11 बजे तक नीलामी में भाग लिया और हम्मालों ने मांगों को लेकर विरोध करने पर काम बंद कर दिया। मप्र हम्माल तुलावटी संयुक्त संघर्ष समिति के राजू प्रजापति ने बताया मंडी में लगे गेहूं और चने के कारखानों में हम्मालों से रात 10 बजे तक काम लिया जाता है। वहीं, वजन को लेकर आए आदेश का व्यापारियों द्वारा खरीदी में पालन नहीं करवाया जा रहा। इसके बाद जब व्यापारियाें ने काम बंद कर दिया और दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक चलने वाली नीलामी में नहीं पहुंचे तो प्रशासनिक अफसरों के साथ मंडी बोर्ड के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
एडीएम अजयदेव शर्मा, एसडीएम शाश्वत शर्मा, श्रीलेखा श्रोत्रिय, तहसीलदार ममता पटेल और मंडी सचिव सतीश पटेल ने हम्मालों और व्यापारियों के साथ बैठक कर समझाइश दी।