पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
इंदौर (राघवेंद्र बाबा). दसवीं की परीक्षा देकर घर लौट रहे तीन दोस्त स्पीड में बाइक दौड़ाते वक्त असंतुलित होकर डिवाइडर में घुस गए। बाइक चला रहे परदेशीपुरा निवासी विवेक दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। श्याम नगर का निलेश उर्फ नकुल बारिया कोमा में है, जबकि बंशी प्रेस की चाल निवासी देवांग तांबे मामूली रूप से जख्मी है। घटना शिवाजी नगर की है। तीनों 15 वर्षीय छात्र सुभाष नगर स्थित न्यू सिग्मा स्कूल में पढ़ते हैं।
गुरुवार काे नकुल का जन्मदिन था। वह अपनी बाइक पर विवेक को लेकर आया था। मैं दोस्त डेविड की बाइक पर स्कूल पहुंचा था। मैथ्स का पर्चा देने के बाद हम घर जाने लगे। विवेक ने नकुल से बाइक ले ली। उसने जैसे ही एक्सेलरेटर खींचा तो बाहर खड़े दोस्तों ने कहा कि रफ ड्राइविंग मत करना। वो बोला- ठीक है। बाइक पर बीच में नकुल और मैं पीछे बैठा था। ब्रिज के पास पुलिस चेकिंग करते दिखी। विवेक बोला- देखो आज कैसे पुलिस को चकमा देते हैं। उसने इतनी तेज बाइक चलाई कि पुलिसकर्मी भी समझ नहीं पाए। मैं चीखने लगा कि स्पीड कम कर लो। लेकिन विवेक ने रफ्तार और बढ़ा दी। अचानक धमाका हुआ। आंखें खुली तो देखा कि विवेक का सिर फट चुका था। शायद वह मर चुका था। नकुल भी हिल नहीं रहा था। -जैसा देवांग तांबे ने बताया



Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.