पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
इंदौर. शहर के परदेशीपुरा पुलिस ने झांसा देकर रुपए ठगने वाली एक गैंग के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने ये केस नंदा नगर के रहने वाले निरंजन श्रीवास्तव की शिकायत पर दर्ज किया। निरंजन ने पुलिस को बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी के पैरों में दर्द रहता है। 2 मार्च को उनकी पत्नी खरीददारी करने मॉल गई थी। वहां एक व्यक्ति ने अपना नाम दीपक बताकर उनकी पत्नी से पैरों के दर्द को ठीक होने की बात कही। इसके बाद उसने डॉ. मोहम्मद रंजीत नाम के डॉक्टर का नंबर दिया।
एक बूंद के मांगे 70 हजार रुपए
कुछ दिन बाद महिला ने उस नम्बर पर बात की। अगले ही दिन आरोपी मोहम्मद रंजीत महिला के पैरों का इलाज करने के लिए घर पहुंचा। बोला कि आपके पैरों में तो पीला लिक्विड जमा है। उसे निकालना पड़ेगा और हर बूंद का 70 रुपए लगेगा। ऐसा कहकर उसने सुई से महिला के पैरों में छोटा सा छेद कर एक नली से पीला लिक्विड निकाला। बूंदों के हिसाब से आरोपी ने उनसे इलाज के नाम पर 3.20 लाख मांगे। इस पर दंपत्ति ने कहा कि उनके पास इतने रुपए नहीं हैं। इस पर आरोपी लड़ने लगा और काफी देर तक हंगामा किया। बाद में 50 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। निरंजन ने उन्हें 50 हजार रुपए का चेक के माध्यम से दे दिए।
बाजार में नहीं मिली दवाइयां
दो-तीन दिन बाद आरोपी का फोन आया कि वह कुछ दवाइयां बता रहा है। उन्हें लेना ही होगा, वरना इलाज में फायदा नहीं होगा। इसके बताए अनुसार दवाइयां खोजी गईं, लेकिन बाजार में नहीं मिलीं। उसके बाद दंपत्ति ठगा महसूस कर बैठ गए। बाद में जब अखबारों में खबरें आई की आरोपी तिलक नगर में पकड़ा गया है, तो दंपत्ति ने पुलिस में केस दर्ज करवाया।





Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.