पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
सतना. सतना जिले के मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी की मां का रविवार की रात निधन हो गया। वे 90 वर्ष की थीं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार रविवार रात को तबियत बिगड़ने के बाद विधायक त्रिपाठी की मां फूलमती त्रिपाठी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान देर रात उनका निधन हो गया। सोमवार को मैहर तहसील के लटेगांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विधायक की मां के निधन पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा है कि मैहर के विधायक नारायण त्रिपाठी की माताजी के दुःखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनो को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
नारायण त्रिपाठी ने रविवार को कमलनाथ से मुलाकात की थी। त्रिपाठी को भाजपा से असंतुष्ट माना जाता है। हालांकि मुलाकात के बाद उन्होंने साफ किया कि वह मैहर को नया जिला बनाने की मांग लेकर सीएम से मिलने आए थे। कमलनाथ से मुलाकात के बाद बीजेपी विधायक ने कहा, 'कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत में है। क्या आपको नहीं दिख रहा कि सरकार मेजॉरिटी में है या नहीं। सरकार बहुत अच्छी तरह से बहुमत में है।'
बगावती तेवर दिखा चुके हैं विधायक नारायण त्रिपाठी
मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी लगातार भाजपा से बगावती तेवर दिखाते रहे हैं। पांच दिन पहले कांग्रेस विधायकों के गायब होने के बाद वह देर रात को कमलनाथ से मिलने उनके आवास गए थे। जब उनसे पूछा गया कि वह सीएम से मिलने गए थे तो बोले थे कि अपने क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा करने गया था। इसके पहले वे भाजपा की संभागवार विधायकों की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.