पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

72 लाख की याेजना, घराें तक नहीं पहुंच रहा पानी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मेघनगर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खच्चरटोड़ी के ग्रामीण जलसंकट के कारण परेशानी उठा रहे हैं। गांव के लिए स्वीकृत हुई नल-जल योजना के हाल खराब हैं। लिहाजा योजना के तहत मिलने वाला पानी कई फलियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

ग्रामीणों को भरपूर पानी मिल सके, इसके लिए 72 लाख की पेयजल योजना स्वीकृत हुई थी। गांव में योजना के तहत सूरत (गुजरात) के ठेकेदार ने 50 हजार लीटर पानी की क्षमता वाली टंकी का निर्माण किया है। इसके अलावा गांव में करीब 4 किलोमीटर पाइप लाइन डाली गई है, लेकिन ठेकेदार द्वारा इस काम में भी कई खामियां छोड़ी दी गई है।

ठेकेदार द्वारा मनमानी करते हुए ग्रामीणों को पानी नहीं दिया जा रहा है। इसकी वजह से गांव की करीब ढाई हजार आबादी जलसंकट उठा रही है। मेरावत फलिया, खच्चर फलिया, बागड़िया फलिया, रोडवाला फलिया, हरिजन बस्ती, मालहात, लुहारटोड़ी, नईटोड़ी और तड़वी फलिया (खालसा) में ठेकेदार द्वारा पानी सप्लाई नहीं किए जाने से समस्या बनी हुई है। उधर, आरटीआई के माध्यम से जब जानकारी निकाली गई तो पता चला कि ठेकेदार द्वारा जनवरी 2019 में कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र पाने के लिए लिखित में पीएचई विभाग को यह गलत जानकारी दी गई। उसके द्वारा मुख्यमंत्री नल जल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन डालकर नियमित रूप से पानी दिए जाने की बात कही, लेकिन ठेकेदार ने सरपंच के घर तक एक भी बार पानी नहीं पहुंचाया। खालसा के तड़वी फलिये में भी पानी नहीं पहुंचा।

दो ट्यूबवेल से जोड़े लाइन तो समस्या कम होगी

ग्राम पंचायत खच्चरटोड़ी में स्वीकृत मुख्यमंत्री नल-जल योजना के अंतर्गत नया गांव जागीर और गांव खालसा में दो ट्यूबवेल किए गए थे। लेकिन एक वर्ष बाद भी ठेकेदार ने पाइप लाइन से इन्हें नहीं जोड़ा। लापरवाही करते हुए ट्यूबवेल का खुला मुंह छोड़ दिया था, लेकिन बाद में ग्रामीणों ने ट्यूबवेल के मुंह को बंद किया। यदि ट्यूबवेल को पाइपलाइन से जोड़कर पानी सप्लाई किया जाता है तो पेयजल समस्या से थोड़ी निजात मिल सकती है।

शिकायत के बाद भी नहीं की कार्रवाई

पानी सप्लाय नहीं किए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने पीएचई से की। ग्रामीण प्रशांत टगरिया, मिलन खतेड़िया, यतिक खतेड़िया की शिकायत के बाद भी अब तक कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत को भी समस्या बताई, लेकिन उनके कान में भी जू नहीं रेंगी। ग्रामीण अब पीएचई कार्यालय के सामने धरने पर बैठने का मन बना रहे हैं।

पीएचई से शिकायत की, कुछ नहीं हुआ

सुमी प्रदीप गणावा, सरपंच, खच्चरटोड़ी

सीसी रोड खोदकर लगाया वॉल्व खुला छोड़ा, हादसे का अंदेशा

गांव में पाइप लाइन बिछाने के लिए ग्राम पंचायत द्वारा बनाए गए सीसी रोड को जेसीबी से खुदवाया गया था, लेकिन ना तो नलों में पानी आया और ना ही सीसी रोड सुधारा गया। इसके बाद भी इंजीनियर ने ठेकेदार को रोड रिपेयर का भुगतान कर दिया। इतना ही नहीं, कई जगह वाॅल्व भी नहीं लगाए गए। कई जगह रोड पर बनाए गए वाॅल्व खुले हैं, जिससे हादसे का अंदेशा बना हुआ है।

खबरें और भी हैं...