- Hindi News
- National
- Jhabua News Mp News Changing Wind Increased Cold Night Temperature Dropped By 62 Degrees
हवा का रुख बदलने से बढ़ी ठंड, 6.2 डिग्री गिरा रात का तापमान
अब तक पश्चिमी थी हवाएं, 24 घंटे में उत्तर-पूर्वी हवाएं आने लगी
विदा हो चुकी ठंड एक बार फिर लौट आई है। दिन और रात के तापमान में आ रही गिरावट से लोग एक बार फिर ठिठुरने लगे हैं। तापमान भी लगातार गिर रहा है। इसकी वजह से रात में ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। जबकि ठंडी हवाओं के कारण दिन भी सर्द बने हुए हैं।
मौसम में यह बदलाव हवाओं का रुख बदलने के कारण हुआ है। अब तक पश्चिमी हवाएं चल रही थी, लेकिन 24 घंटे में ही हवाओं का रुख एक बार फिर बदल गया। शुक्रवार को उत्तर-पूर्वी हवाएं आने लगी, यह हवाएं अपने साथ ठंड लेकर आई। इसका असर तापमान पर भी पढ़ी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम 10.6 डिसे दर्ज किया गया। जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.4 व न्यूनतम 16.8 डिसे था। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 0.4 डिसे की मामूली गिरावट आई।
हालांकि रात के तापमान ने रिकार्ड गोता लगाया। न्यूनतम तापमान 24 घंटे में 6.2 डिसे गिर गया। इससे रातें सर्द हो गई है। गौरतलब है कि एक पखवाड़े पहले तक गर्मी का अहसास होने लगा था, लेकिन गुजरात और राजस्थान में बने चक्रवात के कारण मौसम में फिर बदलाव आने लगा।
आगे क्या : दो दिन बाद बढ़ने लगेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके त्रिपाठी ने बताया दो दिन बाद तापमान बढ़ेगा। हवाओं का रुख बदलने से ठंडक आई है। अभी उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। आगामी दिनों में दिन और रात दोनों का तापमान बढ़ेगा। इसके साथ ही धीरे-धीरे गर्मी भी बढ़ने लगेगी।
5 साल का न्यूनतम तापमान
दिनांक न्यूनतम तापमान
6 मार्च 2019 10.4
6 मार्च 2018 13.8
12 मार्च 2017 8.0
23 मार्च 2016 13.2
3 मार्च 2015 8.4
(आंकड़े डिग्री सेल्सियस में)