सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, नौकरी के साथ प्रोत्साहन राशि
झाबुआ । मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग और संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के विभिन्न चरणों में सफल अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रोत्साहन योजना चलाई जा रही है। संघ लोक सेवा आयोग की अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा में अभ्यर्थी को प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर 40 हजार रुपए, मुख्य परीक्षा पास होने पर 60 हजार रुपए एवं साक्षात्कार के बाद सफल होने पर 50 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाती है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में विभिन्न स्तरों पर सफल जनजातीय अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा में पास होने पर 20 हजार रुपए, मुख्य परीक्षा में पास होने पर 30 हजार रुपए और साक्षात्कार के बाद सफल होने पर 25 हजार रुपए की राशि दी जाती है।