- Hindi News
- National
- Jhabua News Mp News Now The Company Will Read Electricity Meters With Qr Code In The City
अब शहर में क्यूआर कोड से बिजली मीटरों की रीडिंग करेगी कंपनी
झाबुआ | बिजली कंपनी मीटर रीडिंग में उपभोक्ताओं और कर्मचारियों को होने वाली गफलत दूर करने के लिए नया प्रयोग कर रही है। अब हर मीटर पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। यानी हर कनेक्शन का अपना एक कोड होगा। ये क्यूआर कोड मीटर के साथ लगाया जा रहा है। एप डाउनलोड करके उपभोक्ता इस कोड के माध्यम से अपनी पूरी जानकारी ले सकते हैं। कर्मचारी भी रीडिंग के पहले कोड स्कैन करेंगे, ताकि ये दुविधा न हो कि मीटर किस उपभोक्ता का है।
बिजली कंपनी के शहर वितरण केंद्र के सहायक यंत्री उमाशंकर पाटीदार ने बताया, शहर के बिजली उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग अाैर बिल के लिए आसान सेवा देने का प्रयास है। स्मार्ट तरीके से बिलिंग सुधारने और मीटर रीड करने वालों का काम पारदर्शी तरीके से करने के लिए ये किया जा रहा है। क्यूआर कोड से ये भी पता लग जाएगा कि रीडर हर महीने उपभोक्ता तक पहुंच रहा है या नहीं।
रीडिंग नहीं होने की उपभोक्ताओं की शिकायत हो जाएगी खत्म
पाटीदार ने बताया, अक्सर शहर में उपभोक्ताओं की शिकायत होती थी कि मीटर रीडिंग के लिए कोई नहीं आया। क्यूआर कोड से रीडिंग तभी होगी, जब इसे स्कैन किया जाएगा। ऐसे में बिना जाए रीडिंग नहीं हो पाएगी। इसके अलावा उपभोक्ता सर्विस नंबर में भी बदलाव किया गया है। अब अंग्रेजी के एन शब्द से शुरू होने वाले 10 डिजिट के नए सर्विस नंबर से ऑनलाइन और ऑफलाइन सुविधाओं का फायदा लेना होगा।