- Hindi News
- National
- Jhabua News Mp News Oil Of The Transformer Was Stolen Farmers Complained Je Said Take Petlavad Or Else Sit
ट्रांसफाॅर्मर का ऑइल हो गया चोरी, किसानों ने शिकायत की तो जेई बोले- पेटलावद ले जाओ नहीं तो बैठे रहो
मामले में जेई सोलंकी बोले- मैंने किसानों से ऐसी कोई बात नहीं कही
जिस ट्रांसफाॅर्मर के माध्यम से किसान सिंचाई कर रहे थे, वह करीब पांच दिनों से बंद पड़ा है। ट्रांसफॉर्मर का ऑइल 7 मार्च की रात चोर चोरी कर ले गए। तब से यह काम नहीं कर रहा। इसके अभाव में किसानों को बिजली नहीं मिल पा रही। किसानों ने जब बिजली कंपनी के जेई को फोन लगाया तो बजाए लाइनमैन भेजने के उन्होंने किसानों से ही ट्रांसफाॅर्मर पेटलावद लाने को कह दिया। वहीं जब मामले में जेई कुंवरसिंह सोलंकी से बात की तो वे बोले कि मैंने किसानों से ऐसी कोई बात नहीं कही।
मामला ग्राम पंचायत करवड़ का है। पेटल कुआं पर एक ट्रांसफाॅर्मर बिजली कंपनी ने लगाया है, इसके माध्यम से किसानों को बिजली मिलती है। 7 मार्च की रात इसमें से ऑइल चोरी हो गया, तब से ट्रांसफॉर्मर ने काम करना बंद कर दिया। किसानों ने अगले ही दिन इसकी सूचना बिजली कंपनी को दे दी थी, पर अब तक निराकरण नहीं हुआ। समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसानों ने बिजली कंपनी बामनिया के जेई कुंवरसिंह सोलंकी से शिकायत की, लेकिन जेई ने उन्हें दो टूक कह दिया ट्रांसफॉर्मर पेटलावद ले आओ सही कर देंगे, जब किसानों ने लाइनमैन भेजने की बात कही तो जेई ने कहा अगर ट्रांसफॉर्मर नहीं ला सकते तो बैठो रहे। जेई का बेतुका सवाल सुनकर किसान स्तब्ध रह गए। जब किसानों की शिकायत पर भास्कर ने बामनिया जेई कुंवरसिंह सोलंकी को फोन किया तो वे अपनी बात से पलट गए और कहने लगे ऑइल आते ही किसानों की समस्या दूर कर दी जाएगी। किसानों ने बताया अगर हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो झाबुआ जाकर कलेक्टर से शिकायत करेंगे।
बिजली का काम नहीं आता, कैसे उतारें ट्रांसफार्मर : किसान
किसान हितेन पाटीदार, गोपाल धन्ना, कैलाश पाटीदार, बद्रीलाल पाटीदार, कमल किशोर, मोहनलाल पाटीदार ने बताया हमने प्याज, टमाटर और तरबूज की फसल लगाई है। लेकिन बिजली के अभाव में इसे पानी नहीं दे पा रहे। पानी नहीं मिलने से फसल सूख रही है। किसानों ने बताया जेई से शिकायत करने पर से ट्रांसफाॅर्मर पेटलावद ले जाने का कहते हैं। हमें बिजली से जुड़ा काम नहीं आता, ऐसे में ट्रांसफॉर्मर उतारकर पेटलावद तक ले जाना हमारे लिए मुश्किल काम है। उन्होंने बिजली कंपनी से शीघ्र लाइनमैन भेजकर ट्रांसफॉर्मर दुरुस्त कराने की मांग की। किसानों ने बताया कि धूप तेज होती जा रही है, अगर समय पर फसलों को पानी नहीं मिला तो वह पूरी तरह सूख जाएगी। उपज भी प्रभावित हो सकती है।
ग्राम पंचायत करवड़ का यह ट्रांसफाॅर्मर 7 मार्च से बंद पड़ा है।
कोई भी पैसा बकाया नहीं फिर भी कर रहे हैं परेशान
इस ट्रांसफॉर्मर से करीब 15 किसान जुड़े हुए हैं। जो इन दिनों बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। इन किसानों का कहना है हम समय पर बिजली बिल जमा करते हैं, इसके बावजूद बिजली कंपनी के अधिकारी हमारे साथ ऐसा व्यवहार कर रहे हैं। बिजली बिल बकाया नहीं है फिर भी ट्रांसफॉर्मर सही नहीं कराया जा रहा।
ऑइल आते ही ट्रांसफॉर्मर में लाइनमैन द्वारा भरवा देंगे
कुंवरसिंह सोलंकी, जेई, बामनिया