पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jobat News Mp News Tribals Groups Playing Flute Collector Sp Danced In Traditional Costumes With Leaders

बांसुरी बजाते हुए आई आदिवासियों की टोलियां, नेताओं के साथ कलेक्टर-एसपी ने पारंपरिक वेशभूषा में किया नृत्य

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिला मुख्यालय पर भगोरिया के अंतिम दिन सोमवार को भगोरिया मेला लगा। इस बार मनमौजियों की इतनी टोलियां गांवों से पहुंची कि शहर के सारे रास्ते खचाखच भर गए। करीबन 25 हजार से अधिक लोग पारंपरिक लोक उत्सव में शामिल हुए। भगोरिया में विधायक मुकेश पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल, पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान ने ढोल-मांदल बजाया तो कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी देर तक झूमते रहे। मेला क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की व्यवस्था बेहतर रही। प्रमुख बाजार की गलियों में मस्ती करने वाले युवाओं को नियंत्रित करते हुए कुछ पुलिसकर्मी नजर अाए। वहीं सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर राजवाड़ा में लगे मेले में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।

कई घंटों तक नाचते रहे, देर शाम तक रही भीड़

भगोरिया हाट की भीड़ में भी मन का उन्माद थमने का नाम नहीं ले रहा था। कहीं बांसुरी की स्वर लहरियों पर टोलिया थिरकते हुए रास्तों पर आगे बढ़ रही थी तो कहीं मदमस्त आदिवासी ढोल मांदल व थाली की गूंज पर कई घंटों तक नाचते रहे। राजबाड़ा रोड पर हनुमान मंदिर के समीप लगे मेले में पैर रखने की जगह भी नहीं थी। मौत का कुआं, झूले चकरी का लुत्फ युवक-युवतियों ने खूब उठाया। शहर में एमजी रोड, सिनेमा चौराहा, प्रतापगंज, बस स्टैंड, बाहरपुरा सहित अन्य रोड पर भी भीड़ कदमताल करती रही। उत्पात मचाने वाले तत्वों पर नियंत्रण के लिए शहर में दिनभर पुलिस पेट्रोलिंग की गई। टीआई दिनेश सोलंकी ने बताया कि नगर में पुलिस के 37 पाइंट बनाए थे। पारंपरिक चांदी के गहने पहनकर और काजल-लाली का शृंगार कर मेले में पहुंची महिलाएं-युवतियां आकर्षण का केंद्र रही। देर शाम 5 बजे तक नगर में ग्रामीणों की भीड़ रही।

कांग्रेसियों ने बजाई मांदल

सिनेमा चौराहे पर विधायक मुकेश पटेल व जिकां अध्यक्ष महेश पटेल ने दोपहर में मांदल बजाना शुरू किया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र से मांदल लेकर आई ग्रामीणों की मदमस्त टोलियों ने जमकर धूम मचाई।

पूर्व विधायक के निवास पर थिरकते रहे ग्रामीण : पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान के निवास पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग मांदल की थाप पर नाचते रहे। बाद में विधायक चौहान के नेतृत्व में ढोल-मांदल के साथ गेर निकाली। फतेह क्लब मैदान के सामने ग्रामीण क्षेत्र से आए युवा ढोल-मांदल की थाप पर आकर्षक प्रस्तुति दे रहे थे। पूर्व विधायक चौहान के निमंत्रण पर जोबट के पूर्व विधायक माधवसिंह डाबर, सेंधवा के पूर्व विधायक अंतरसिंह आर्य, मनावर के पूर्व विधायक रंजना बघेल, मुकामसिंह किराडे भी गेर शामिल हुए।

बाजारों में भोंपू गूंजते रहे : सिनेमा चौराहे पर भगोरिया हाट के दौरान बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। गेर के दौरान काफी देर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने नगर के बाहरी रोड पर व्यवस्था संभाली। शहर के मुख्य बाजार हाट गली, एमजी रोड, नीम चौक, बाहरपुरा आदि स्थानों पर युवा कुर्राटियां व बाजे बजाकर मस्ती करते रहे।

पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में सपरिवार पहुंची कलेक्टर

कलेक्टर सुरभि गुप्ता भी सपरिवार आबकारी कार्यालय के सामने लगे शामियाने में पहुंची। यहां पर जिकां अध्यक्ष महेश पटेल, विधायक मुकेश पटेल ने परिवार सहित उनका स्वागत किया। पश्चात कलेक्टर, नपाध्यक्ष सेना पटेल, सहायक आयुक्त मीना मंडलोई सहित अन्य महिलाएं पारंपरिक आदिवासी वेषभूषा में ढोल-मांदल की थाप पर नृत्य कर भगोरिया का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान एसपी विपुल श्रीवास्तव का साफा पहनाकर स्वागत किया।

भाजपा की गेर में शामिल हुई पूर्व विधायक रंजना बघेल।

जिला कांगेस अध्यक्ष पटेल मांदल बजाते हुए। साथ में विधायक व एसपी।

आलीराजपुर. भोगरिया के आखिरी दिन इस तरह बांसुरी बजाते हुए आई आदिवासियों की टोलियां।
खबरें और भी हैं...