- Hindi News
- National
- Petlawad News Mp News Two Miscreants Who Robbed A Car Rider On Khoria Valley Arrested
खोरिया घाटी पर कार सवार को लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
आरोपियों से 1 मोबाइल और नकदी बरामद
पेटलावद-थांदला रोड पर खोरिया घाटी के पास रांपी लगाकर कार सवार लोगों को लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने 9 अक्टूबर 19 को वारदात की थी। आरोपियों से एक मोबाइल व नकदी भी जब्त की गई है।
थाना प्रभारी संजय रावत ने बताया पुलिस को सूचना मिली कि पेटलावद-बदनावर रोड पर रांपी लगाकर वारदात करने वाले दो बदमाश मंडी के पीछे वाले कच्चे रास्ते पर लूटपाट करने की तैयारी में खड़े हैं। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर बदमाश जुवानसिंह पिता हरजी मोरी निवासी माछलिया व दीवान पिता जामनसिंह वास्केल निवासी माछलिया को हिरासत में लिया। बदमाशों ने पूछताछ में हाईवे पर अपने अन्य साथी आरोपी मनसूर परमार व मुकेश वास्केल निवासी माछलिया के साथ खोरिया घाटी के पास रांपी लगाकर कार को रोककर उसमें बैठे लोगों के साथ लूटपाट करना कबूल किया।
आरोपियों ने बताया वारदात के बाद उन्होंने लूट का माल आपस में बांट लिया था। पुलिस ने आरोपी जुवानसिंह व दीवान के कब्जे से उनके हिस्से में आए सेमसंग कंपनी का गेलेक्सी एस 9 मोबाइल व नकद 3 हजार रुपए बरामद किए। आरोपी जुवानसिंह व दीवान को अभिरक्षा में लेकर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। आरोपियों से गिरोह के सरगना तथा अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने में क्राइम ब्रांच सायबर टीम के उप निरीक्षक नरेश निनामा, प्रधान आरक्षक मुनेंद्र, प्रधान आरक्षक हितेंद्र, प्रधान आरक्षक फोदलसिंह, आरक्षक लालसिंह, शैलेंद्र, राकेश की मुख्य भूमिका रही।