- Hindi News
- National
- Jhabua News Mp News Two Were Caught Carrying Illegal Liquor Vehicle Was Also Cut
अवैध शराब ले जाते दो पकड़ाए, वाहन से कट्टा भी मिला
राजगढ़ की अंग्रेजी शराब दुकान से ला रहे थे, झाबुआ में देना थी डिलीवरी
पुलिस ने गुरुवार शाम राजगढ़ से झाबुआ जा रही एक रेनो डस्टर कार नंबर एमपी-09-सीपी-2380 से 1 लाख 43 हजार रुपए की 716 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। गाड़ी से एक खाली देशी कट्टा भी मिला। पुलिस के अनुसार शराब राजगढ़ की अंग्रेजी शराब दुकान से भरी गई थी जाे झाबुआ में एक जगह डिलीवरी के लिए जा रही थी। गाड़ी में मिले दो लोगों के अलावा तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को शराब से भरी कार आने की सूचना मिली थी। इसके बाद गुरुवार शाम फोरलेन पर नाकेबंदी की गई। लगभग साढ़े 6 बजे एक कार आती दिखी। इसमें पीछे के शीशे के अंदर कवर लगाया गया था, ताकि अंदर का दिखाई नहीं दे। पुलिस के बेरिकेड्स देखकर कार वाले ने दूसरी लेन से गाड़ी घुमाने की कोशिश की, लेकिन सामने से पुलिस का वाहन आ जाने से वो घुमा नहीं सका। पुलिस ने कार खुलवाई तो इसमें पिछली सीट से लेकर डिक्की तक अवैध शराब भरी हुई थी। बीयर की पेटियां थी और कई सारी बीयर कैन थी। तलाशी में एक खाली देशी कट्टा भी मिला।
गाड़ी मालिक के खिलाफ दर्ज किया प्रकरण
थाना प्रभारी अशफाक खान ने बताया चालक महेंद्र (30) पिता मोहनलाल पाटीदार निवासी नवासा जिला धार, सुनील (28) पिता गुलाबसिंह लोधा निवासी नौगांवा जिला धार को पकड़ा। राजगढ़ अंग्रेजी शराब दुकान के सिद्धार्थ जायसवाल निवासी राजगढ़, राजेश उर्फ विजय राजा पंवार जिसके यहां झाबुआ शराब जा रही थी और गाड़ी मालिक पर प्रकरण दर्ज किया। आरटीओ रिकार्ड के अनुसार कार इंदौर के लवकुश विहार सेक्टर ई के रहने वाले सुमित जयंतीलाल साल्वी के नाम पर रजिस्टर्ड है।
कार से अवैध शराब की पेटियां निकालकर थाने पर गिनती करते पुलिसकर्मी।