- Hindi News
- National
- Ranapur News Mp News Unseen Only One Malnourished 9 Beds Are Lying Vacant In The Nutrition Rehabilitation Center
अनदेखी : पोषण पुनर्वास केंद्र में सिर्फ एक कुपोषित, खाली पड़े हैं 9 बेड
केंद्र पर रखना होता है 14 दिन व देते हैं पोषण डाइट
पोषण एवं पुनर्वास केंद्र पर महज एक कुपोषित बच्चा भर्ती है। शेष 9 बेड खाली पड़े हैं। इससे पता चलता है कि कुपोषण दूर करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग कितना संजीदा है। केंद्र प्रभारी बीएमओ डॉ. जीएस चौहान लगातार पत्र लिखकर महिला बाल विकास विभाग से कुपोषित बच्चों को केंद्र पर भिजवाने का कह रहे परंतु विभाग पर जूं तक नहीं रेंग रही।
एनआरसी पर इस माह में सिर्फ एक ही बच्चा आया। धामनी कटारा का 17 माह का राजदीप 4 मार्च से से यहां भर्ती है। 17 मार्च को उसे भी यहां से छुट्टी मिल जाएगी। भर्ती किए जाने के समय उसका वजन 7 किलो 800 ग्राम था। यह अतिकम वजन की श्रेणी में आता है। लक्ष्य वजन 8 किलो 970 ग्राम रखा है। शुक्रवार को उसका वजन 8 किलो 460 ग्राम था। केंद्र पर कुपोषित बच्चों को लाने के लिए बीएमओ डॉ चौहान लगातार महिला एवं बाल विकास विभाग को पत्र लिख रहे हैं। महिला व बाल विकास विभाग पर उसका असर होता नहीं दिख रहा। 26 फरवरी को केंद्र पर महज 2 ही बच्चे भर्ती थे। तब भी पत्र लिखा। मंगलवार को पुनः पत्र लिखकर 9 बेड खाली होने की जानकारी दी। विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं आया। शुक्रवार को पुनः पत्र लिखा गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के पास विकासखंड के कुपोषित बच्चों की सूची है।
उसके अनुसार कार्यकर्ता व सुपरवाइजर को उनके पालकों से संपर्क कर एनआरसी तक लाना है। यहां 14 दिन रखकर बच्चों को पोषक आहार डाइट प्लान अनुसार दिया जाता है। उसके बाद 4 बार 15-15 दिन में फालोअप के लिए बुलाया जाता है। भर्ती के समय प्रेरक को 100 रु. तथा प्रत्येक फालोअप पर 200 रु. मिलते हैं। इस तरह एक कुपोषित बच्चे के पूर्ण उपचार पर प्रेरक को 900 रुपए मिलते हैं।
राणापुर. पाेषण पुनर्वास केंद्र में महज एक बच्चा भर्ती है।