पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कोरोना वायरस के चलते रंगपंचमी पर नहीं निकलेगी गेर, स्थानीय अवकाश भी नहीं रहेगा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिला अस्पताल के आईसीयू में सुरक्षा गाउन पहनकर काम करती स्टाफ नर्स। - Dainik Bhaskar
जिला अस्पताल के आईसीयू में सुरक्षा गाउन पहनकर काम करती स्टाफ नर्स।
  • आयाेजक विधायक मित्र मंडल ने सुरक्षा की दृष्टि से लिया निर्णय
  • जिला अस्पताल में पीपीई किट पहन इलाज करेगा पैरामेडिकल स्टाफ

खंडवा. शहर में रंगपंचमी पर राधा-कृष्ण फाग यात्रा नहीं निकलेगी। 10 साल पहले इस यात्रा की शुुरुआत विधायक देवेंद्र वर्मा मित्र मंडल ने की थी। पिछले साल लाेकसभा चुनाव की आचार संहिता के कारण फाग यात्रा नहीं निकल पाई थी। इस बार आयाेजक मंडल ने काेराेना वायरस से सुरक्षा की दृष्टि से फाग यात्रा नहीं निकालने का निर्णय लिया है।

अायाेजक मंडल के दिनेश पालीवाल ने बताया समिति के सभी सदस्याें ने काेराेना वायरस काे देखते हुए यह निर्णय लिया है। इधर रंगपंचमी पर शहर में स्थानीय अवकाश भी नहीं रहेगा। क्याेंकि जिला प्रशासन पहले ही अलग-अलग त्याेहाराें पर स्थानीय अवकाश दे चुका है। इस कारण रंगपंचमी के दिन सभी सरकारी दफ्तर और संस्थान सामान्य दिनाें की तरह खुले रहेंगे। कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल ने कहा रंगपंचमी पर स्थानीय अवकाश रहेगा या नहीं, यह चेक करना पड़ेगा। शायद पहले ही डिक्लियर हाेकर खत्म हाे गए हैं।

स्कूलों की छुट्‌टी नहीं रहने के कारण पालक भी परेशान
रंगपंचमी पर शनिवार को स्कूलों की छुटि्टयां भी नहीं रहेंगी। इसकाे लेकर पालक परेशान हैं। उनका कहना है रंगपंचमी पर बच्चों को स्कूल कैसे भेजेंगे। रंगपंचमी तो जिले में उत्साह से मनाई जाती है। इधर मप्र शिक्षक संघ जिला इकाई ने भी रंगपंचमी पर स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने गुरुवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा अवकाश नहीं होने से बच्चों व सभी को परेशानी होगी।

विशेष ओपीडी में 50 और अस्पताल में आए 100 मरीज
अस्पताल के पुराने भवन के कमरा नंबर-18 में गुरुवार को सर्दी-खांसी और बुखार के 50 मरीज आए। वहीं नए भवन की मेडिसिन व जनरल ओपीडी में 100 से ज्यादा मरीज जांच के लिए आए।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट 
कोरोना वायरस को लेकर जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। अब जिला अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट पहनकर मरीजों का इलाज करेंगे। वहीं गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोहिल ने वीडियो कांफ्रेंस में स्थानीय अधिकारियों से चर्चा कर कोरेन्टाइल वार्ड और वहां की सुविधाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। जानकारी के मुताबिक पीपीई में एक बार इस्तेमाल किए जाने वाले कपड़े, जूते, मास्क और दस्ताने होते हैं। जिसे एक बार उपयोग के बाद नष्ट कर दिया जाएगा। 

इधर, डॉक्टरों एवं स्टाफ को कोराेना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए जिला अस्पताल प्रबंधन ने मुंबई टाइवेक सूट और नॉन कांटेक्ट थर्मामीटर मंगाए थे, जो गुरुवार को अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार को टाइवेक सूट और नॉन कांटेक्ट थर्मामीटर से अस्पताल के पुराने भवन के कमरा नंबर-18 में ओपीडी में सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की जांच होगी। 

तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में विदेशी पर्यटकों की होगी जांच
कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आने वाले विदेशी पर्यटकों की कोरोना वायरस की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम पुनासा डॉ. ममता खेड़े से कहा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में वायरस संक्रमण को ध्यान में रखते हुए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि बीमारी के फैलने की संभावना न रहे। उन्होंने ओंकारेश्वर व खंडवा के होटलों में विदेश से आने वाले पर्यटकों पर भी नजर रखने के निर्देश भी दिए।