पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Khandwa
  • Due To Coronavirus Alert, Doctors' Paramedical Staff's Holiday Is Canceled, Separate OPD Will Open

कोरोनावायरस अलर्ट के चलते डॉक्टर्स ‌और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द, अलग ओपीडी खुलेगी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रतीकात्मक फोटो - Dainik Bhaskar
प्रतीकात्मक फोटो
  • संक्रमण से निपटने के लिए ट्रामा सेंटर में 4 और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छैगांवमाखन में 6 बैड का क्वारिन्टाइन वार्ड तैयार
  • कोरोनावायरस की फैल रही अफवाहें, लोगों ने अंडा और चिकन खाना कम किया

खंडवा. कोरोनावायरस को लेकर जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। सिविल सर्जन ने जिला अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां आगामी आदेश तक निरस्त कर दी हैं। अस्पताल की ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों के इलाज में विभाग द्वारा विशेष सावधानी बरती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के संक्रमण से निपटने के लिए ट्रामा सेंटर में चार बैड का आइसोलेशन व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छैगांवमाखन में 6 बैड का क्वारिन्टाइन वार्ड तैयार किए हैं।


सोमवार से अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के कमरा नंबर-18 में सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों के लिए अलग से ओपीडी काउंटर शुरू किया जाएगा। यहां ईएनटी और मेडिसिन विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों का इलाज करेंगे। वहीं मरीजों की जांच के लिए ओपीडी के बाद इमरजेंसी कक्ष-17 के डॉक्टर सातों दिन 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। अस्पताल में डॉक्टर्स, स्टाफ और मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए एन-95 मास्क 200, पीपीई किट 300, वीटीएम किट 500, ओसेल्टामिन टैबलेट 8000 उपलब्ध कराए गए हैं।

जागरुकता : डायलर टोन पर भी आ रहे कोरोना वायरस से बचाव के संदेश

  • कोराेना वायरस से अलर्ट को लेकर शनिवार को मोबाइल नंबर की डायलर टोन पर भी बचाव के संदेश आ रहे हैं। मोबाइल सावधानी रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जैसे-
  • अपने हाथों को बार-बार 30 से 40 सेकेंड तक साफ धोने की आदत बनाएं। इसके बाद ही खाना खाएं। दूसरों से हाथ मिलाने से बचें।
  • हमेशा इस बात का ध्यान रखें कि बिना धोए कोई सामान हाथ से या नाक से न लगाएं। इसी से कोरोना वायरस का इंफेक्शन फैलता है। इसमें सावधानी बरतें।
  • बाहर से घर में जाने पर अपने आप हाथ धोएं। किसी तरह की शंका होती है तो उसकी मेडिकल जांच कराएं।

वायरस की फैल रही अफवाह के बाद लोगों ने अंडा व चिकन खाना कम किया
कोरोना वायरस की अफवाह ने अंडे और चिकन व्यवसाय को भी तोड़ दिया। कोरोना के चलते देशभर में अंडे और चिकन की थोक कीमतों में करीब 30 से 50 फीसदी तक की कमी आई है। व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस को लेकर मैसेज से लोगों को डराया जा रहा है। जिसके चलते अंडे और चिकन की मांग आधी हो गई है। दो सप्ताह से इसका बाजार ठंडा हो गया है।

अंडा व्यवसाय से जुड़े मोहम्मद गुफरान ने बताया शहर में अंडे के पांच थोक व्यापारी है। शहर में अंडे की 100 दुकानें हैं। शहर में 50 हजार अंडों की खपत प्रतिदिन होती है। कोरोना की अफवाह के बाद खपत आधी हो गई है। मुर्गा व्यवसाय में भी तेजी से गिरावट आई है। व्यवसायी शेख एजाज ने बताया कि शहर में पोल्ट्री फार्म के मुर्गों की करीब 15 टन रोज की खपत है। 100 से ज्यादा छोटी व बड़ी दुकानें हैं। सभी दुकानों का व्यवसाय आधा हो गया है। दो से ढाई गाड़ी माल रोज आ रहा है। एक गाड़ी में तीन टन माल आता है।

वायरस फैलने की बात सिर्फ अफवाह है
चिकन कारोबारियों के मुताबिक अंडा और चिकन से कोरोना वायरस फैलने की बात सिर्फ अफवाह है। केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह खुद बोल चुके हैं कि मैं भी रोज चिकन खाता हूं। चिकन और अंडे से कोरोना वायस नहीं फैलता। केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय ने 10 फरवरी को एडवाइजरी जारी की थी। इसमें बताया गया कि पोल्ट्री उत्पाद पूरी तरह सुरक्षित हैं।