पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
खंडवा. खंडवा विधायक देवेंद्र वर्मा के पीए गिरीराज सेंगर का नाम लेकर कियोस्क सेंटर संचालक के साथ 28700 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। दूध तलाई निवासी सादिक खान के साथ यह ठगी हुई। वे खड़कपुरा में कियोस्क सेंटर संचालित करते हैं। सादिक ने इसकी शिकायत माेघट थाने में की है।
शादिक ने बताया 10 मार्च को दोपहर 3.34 बजे मोबाइल नंबर 9987740651 से कॉल आया। मुझसे कहा गया कि मैं देवेंद्र वर्मा विधायक खंडवा का पीए सेंगर बोल रहा हूं। क्या आप मनी ट्रांसफर का काम करते हैं। मैंने हां कह दिया। फिर कथित पीए बोले कि विधायक के भतीजे जो कि मुंबई में पढ़ते हैं, उनके खाते में 28700 रुपए फीस डालना है। आप पैसा ट्रांसफर कर दीजिए। आपको पैसा ऑफिस में भिजवा देंगे, नहीं तो आप हमारे विधायक निवास से आकर ले जाना। मैंने पूछा कि आप मुझे कैसे जानते हैं तो, ठग ने कहा हम खंडवा के विधायक हैं। शहर में क्या-क्या होता है, सब जानते हैं। मोबाइल पर बात होने के बाद वाट्सएप नंबर पर अकाउंट नंबर भेजा। जिस पर मैैंने 28700 रुपए डाल दिए। रुपए अकाउंट में पहुंचने के बाद जब कथित पीए से बात की तो उसने कहा कि खाते में रुपए जमा हो गए हैं, लेकिन आज होली है। विधायक के बंगले पर कल आकर रुपए ले लेना। अच्छा ऐसा करो 28700 रुपए और डाल दो। जब मुझे दोबारा रुपए डालने का कहा तब लगा कि मेरे साथ ठगी हो गई है। अब कथित पीए ने सादिक का नंबर ब्लॉक कर दिया है।
बुधवार सुबह रुपए लेने विधायक के घर पहुंचा सादिक
अकाउंट में 28700 रुपए डालने के बाद बैंक की रसीद भी वाट्सएप पर भेज दी। बुधवार सुबह 10.30 बजे सादिक ने कथित पीए के वाट्सएप पर चेटिंग की। इस दौरान सादिक ने कहा कि विधायक के घर के बाहर खड़ा होकर मैं आपका इंतजार कर रहा हूं। प्लीज आईए, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। सादिक ने माेघट थाना व साइबर सेल में बुधवार सुबह शिकायत की। माेघट थाना टीआई बीएल अटोदे ने बताया कि साइबर सेल में भेजा है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज करेंगे। मामला ठगी का है।
सेंगर बोले... मैं तो दो दिन से भोपाल में हूं
विधायक के पीए गिरिराज सेंगर ने कहा कि मेरे नाम से ठगी हुई है। कियोस्क सेंटर संचालक को जांच-पड़ताल करने के बाद ही अकाउंट में रुपए डालना था। विधायक या मैंने किसी को रुपए डालने को नहीं कहा। जिस मोबाइल से फोन आया व वाट्सएप पर बात हुई वे हमारे नंबर नहीं है और न ही अकाउंट नंबर हमारा है। पीड़ित युवक को पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराना चाहिए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.