पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी रहे विधायक ठाकुर सुरेंद्रसिंह बोले- मैं कांग्रेस के साथ

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गुरुवार को निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्रसिंह (शेरा) द्वारा सोशल मीडिया पर यह फोटो पोस्ट किया गया। - Dainik Bhaskar
गुरुवार को निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्रसिंह (शेरा) द्वारा सोशल मीडिया पर यह फोटो पोस्ट किया गया।
  • विधानसभा चुनाव का पर्चा भरने के बाद कांग्रेस से टिकट मांगने सिंधिया के पास ग्वालियर गए थे शेरा
  • जयपुर जाने से पहले भोपाल में सीएम के साथ शेरा ने फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की

बुरहानपुर. पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाने वाले निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेंद्रसिंह (शेरा) सिंधिया के इस्तीफे के बाद भी कांग्रेस सरकार के साथ खड़े हैं। विधानसभा चुनाव के समय पार्टी द्वारा प्रत्याशी नहीं बनाए जाने के बाद भी शेरा ने पर्चा भरा था। इसके बाद वे कांग्रेस से टिकट मांगने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलने ग्वालियर गए थे। हालांकि अब वे उनसे ही किनारा कर गए हैं। 
शेरा ने भास्कर से कहा कि हम हमेशा से कांग्रेस के साथ हैं। किसी भी स्थिति में पार्टी का साथ नहीं छोड़ेंगे। फिलहाल शेरा के साथ नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर भी जयपुर गई हैं। जयपुर रवाना होने से पहले शेरा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की और विजय मुद्रा में फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया।

काफी पुराना संबंध है ठाकुर परिवार से 
ठाकुर परिवार से पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया का काफी पुराना संबंध रहा है। ठाकुर परिवार का कोई सदस्य राजनैतिक पद पर नहीं था। तब भी उनके मधुर संबंध रहे। सिंधिया जब भी बुरहानपुर दौरे पर आए, ठाकुर परिवार के किसी न किसी कार्यक्रम में शामिल जरूर हुए। ठाकुर शिवकुमारसिंह मेमोरियल कॉलेज में शिवकुमारसिंह की प्रतिमा का अनावरण भी उन्हीं ने किया था। 

सिंधिया के साथ वाली फोटो हटाकर कमलनाथ की लगाई
निर्दलीय विधायक बनने और सरकार को समर्थन देने के बाद भी शेरा नियमित रूप से सिंधिया से मुलाकात करते रहे। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर सिंधिया से मुलाकात की कई तस्वीरें उन्होंने ही पोस्ट की है लेकिन आज स्थिति बदल गई है। सिंधिया ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। सरकार गिरने के सवाल पर शेरा कहते हैं हमारे सभी विधायक पार्टी के साथ हैं। ठाकुर सुरेंद्रसिंह (शेरा) शेरा ने बुधवार शाम अपने फेसबुक अकाउंट का प्रोफाइल फोटो अपडेट किया। इस पर उन्होंने ज्याेतिरादित्य सिंधिया के साथ का फोटो को लगा रखा था लेकिन अब उस फोटो का हटाकर मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात के दौरान लिया फोटो फेसबुक प्रोफाइल पर अपडेट किया है।

मैं सरकार के साथ, जीत हमारी होगी- विधायक शेरा
जयपुर रवाना होने से पहले बुधवार सुबह शेरा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उसके बाद बयान जारी किया कि वे सरकार के साथ हैं और सरकार को पूर्ण बहुमत है। जीत हमारी ही होगी। यह बात सामने आई है कि सरकार बचाने के लिए जल्द ही मंत्रीमंडल का विस्तार संभव है। निर्दलीय विधायक पार्टी के साथ बने रहे, इसलिए उन्हें मंत्री पद से नवाजा जा सकता है। शेरा ने जीत के बाद कांग्रेस को समर्थन ही मंत्री पद की शर्त पर दिया था।

जिलाध्यक्ष रघुवंशी विधायक कास्डेकर को लेकर पहुंचे थे भोपाल
नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर भी जयपुर जाने वाले विधायकों में शामिल हैं। सरकार पर संकट आते ही उन्हें भोपाल बुला लिया गया था। जिलाध्यक्ष अजयसिंह रघुवंशी उन्हें 10 मार्च की सुबह अपने साथ भोपाल ले गए थे। कास्डेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के गुट से हैं। जयपुर जाने तक स्थानीय नेता कास्डेकर के साथ ही थे। मंगलवार रात एक सार्वजनिक कार्यक्रम की तस्वीर भी विधायक कास्डेकर ने पोस्ट की थी। इसमें अरुण यादव के साथ जिले के वरिष्ठ नेता भी थे।

जिले में सभी कांग्रेस की विचारधारा को मानते हैं
प्रदेश में चल रहे घटनाक्रम और इस्तीफों के दौर के बीच कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजयसिंह रघुवंशी ने कहा जिले में सभी कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। सभी कांग्रेस की विचारधारा और संविधान को मानते हैं। यहां किसी नेता के समर्थक या उन्हें मानने वाले नहीं हैं। सभी पार्टी के लिए काम करना जानते हैं। किसी व्यक्ति के पार्टी छोड़ने से कार्यकर्ता पार्टी से अलग नहीं होगा।