पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
सेंधवा/बड़वानी. भोपाल जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर व भाजपा नेता संजय यादव को शुक्रवार को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। पिछले वर्ष घर से अवैध हथियार व विस्फोटक मिलने के मामले में शहर थाना पुलिस ने रिमांड मांगी। न्यायालय ने 2 दिन को रिमांड दिया है। यादव 18 जनवरी को गिरफ्तारी के बाद से भोपाल जेल में बंद है।
कुख्यात बदमाश संजय यादव को शुक्रवार दोपहर को भोपाल से सेंधवा लाकर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय में पुलिस बल तैनात था। एसडीओपी तरुणेंद्रसिंह बघेल व थाना प्रभारी तूरसिंह डावर भी मौजूद रहे। पुलिस ने न्यायालय से रिमांड मांगी। न्यायालय ने रिमांड मंजूर की। इसके बाद यादव को थाने ले जाया गया। पुलिस अब अवैध हथियारों व विस्फोटक के संबंध में पूछताछ करेगी।
जनवरी में पुलिस ने किया था गिरफ्तार
दोनों मामलों में फरार यादव को पुलिस ने 9 माह बाद इस वर्ष 18 जनवरी को गिरफ्तार किया था। सूचना मिली थी कि यादव साथी रामस्वरूप चौधरी के साथ कार से जुलवानिया की ओर आ रहा है। इस पर पुलिस ने कार को रोककर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। तलाशी लेने पर इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक कट्टा और कारतूस मिला था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में कार्रवाई कर हथियार जब्त किए थे।
संजय यादव पर लगाई गई थी रासुका
पुलिस के अनुसार यादव पर हत्या, हत्या का षड्यंत्र, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, अवैध हथियार आदि के 47 केस दर्ज हो चुके हैं। दिसंबर 2019 में कलेक्टर अमित तोमर ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की थी। इसके तहत यादव भोपाल जेल में बंद है। यादव को शुक्रवार को स्थानीय न्यायालय लाया गया। दो दिन की रिमांड मिली है।
बड़ी संख्या में मिले थे अवैध हथियार
लोकसभा चुनाव के दौरान 12 मार्च 2019 को नागलवाड़ी थाना अंतर्गत बालसमुद चौकी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ आरोपियों को पकड़ा था। आरोपियों ने बताया था हथियार यादव ने आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए दिए थे। इसके बाद 31 मार्च को तत्कालीन एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में एक टीम ने यादव के घर से हथियारों की खेप बरामद की थी। इसमें 13 पिस्टल, 17 हथगोले व 111 कारतूस जब्त किए थे। संजय यादव, नपाध्यक्ष बसंतीबाई यादव का बेटा है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.