पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
खरगोन(गोगावां). जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर गोगावां स्थित के शाहपुरा के बालिका आदिवासी छात्रावास में अधीक्षिका के कक्ष में दुष्कर्म व छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी वहां का अधेड़ चौकीदार है। पुलिस ने शिकायत पर एक छात्रा से दुष्कर्म व एक से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट व अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज हुआ। आरोपी फरार है। छात्रावास की अन्य सात छात्राओं के साथ भी छेड़छाड़ हुई है। ये मिडिल कक्षा की छात्राएं हैं। इनकी उम्र 12 से 14 वर्ष के आसपास बताई गई है।
छात्रावास में दो माह से ऐसा होने की बात छात्राएं बता रही हैं लेकिन पीड़ितों के कहने पर भी स्टाफ ने कोई ध्यान नहीं दिया। एक छात्रा ने महिला सुरक्षा नंबर पर सूचना की। उसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। गोगावां थाना प्रभारी दिलीप गंगराड़े ने बताया कि एक पीड़ित छात्रा ने बताया कि 20 दिन पहले मैं और मेरी सहेली अधीक्षिका के क्वार्टर के पास चौकीदार दादा शक्तिसिंह पिता घीसूसिंह चौहान(55) के पास गए थे। मेरी सहेली ने चौकीदार का मोबाइल लिया और परिजनों से बात करने लगी।
इसी दौरान शक्तिसिंह मुझे मैडम के क्वार्टर पर ले गया। यहां मेरे साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने मुझे जान से मारने की धमकी दी। इसकी जानकारी मेरी सहेली को दी। एक अन्य पीड़िता ने कहा कि 8 दिन पहले कम्प्यूटर रूम में कॉपी लेने गई थी। यहां आरोपी शक्तिसिंह चौहान निवासी मुहम्मदपुर बैठा था। वह मेरे पास आया और छेड़छाड़ करने लगा। मैं घबराकर अपने कमरे में चली गई। इसके बाद अपनी साथी छात्राओं को बात बताई। इसके बाद 8 अन्य छात्राओं ने भी छेड़छाड़ करने की जानकारी दी। दो छात्राओं का मेडिकल कराया है। उसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
बोलीं - मैडम को बताया तो अनसुना कर दिया
नाबालिगों ने बताया कि पीड़िताओं ने बताया कि 3 मार्च को आरोपी शक्तिसिंह की करतूतों को हमने रेखा मैडम, अनिता मैडम, सुनीता शर्मा, शेख मैडम, शाहजहां मैडम, संतोष शर्मा सर को इसकी जानकारी दी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। चौकीदार कम्प्यूटर रूम में सोता है। यहां हम कोई काम के लिए जाते तो वह पहले हमें पास बुलाता। इसके बाद हमारे साथ छेड़छाड़ करने लगता था। इसके अलावा मोबाइल पर गंदे वीडियो दिखाता है। हमसे गंदी बातें करता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.