- Hindi News
- National
- Khargon News Mp News 5 Mlas Including Vijayalakshmi Sadhau And Independents In Jaipur And Sachin Bhopal
विजयलक्ष्मी साधौ व निर्दलीय सहित 5 विधायक जयपुर और सचिन भोपाल में
प्रदेश सरकार में चल रहे सियासी घमासान का असर जिले में भी देखा गया है। जिले के निर्दलीय केदार डावर, विधायक रवि जोशी झूमा सोलंकी सचिन बिरला व मंत्री डॉक्टर विजयलक्ष्मी साधौ बुधवार को भोपाल से जयपुर पहुंचे हैं जबकि मंत्री सचिन यादव भोपाल में ही बने हुए हैं। सभी विधायकों को उम्मीद है राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी कोई चौंकाने वाला निर्णय लेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दोपहर में भाजपा में शामिल होने के बाद यहां के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में उत्साह है भाजपा जिला अध्यक्ष का मानना है सिंधिया के आने से पार्टी का जनाधार बढ़ेगा।
दोपहर तक बड़वाह व भगवानपुरा विधायक के मोबाइल पर संपर्क नहीं हो पाया। शाम को खरगोन विधायक रवि जोशी से बात हुई। उन्होंने बताया पार्टी हाईकमान जल्दी चौंकाने वाला निर्णय लेगी। उन्होंने बताया जिले के सभी 6 विधायकों का वर्तमान सरकार को पूरा समर्थन है। विधायक भी पार्टी के हर निर्णय में उनके साथ है। फिलहाल यह माना जा रहा है कि गुरुवार को दिन भर वह नजर बंद है। इस दौरान संगठन स्तर पर मैराथन बैठक संभव है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- सिंधिया के आने से पार्टी का बढ़ेगा जनाधार
सेंधवा विस क्षेत्र प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा, पानसेमल विधायक बोलीं- भाजपा से संपर्क की बात अफवाह
बड़वानी/सेंधवा | प्रदेश में सियासी उठापटक का असर जिले में भी देखने को मिल रहा है। भाजपा व कांग्रेस में चर्चा का दौर है। ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने बैठक कर राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की। ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक और सेंधवा विधानसभा प्रवक्ता ने पद से इस्तीफा दे दिया है। सिंधिया के भाजपा में शामिल होने की संभावना में शहर में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रैली निकाली। वहीं जिले में अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर जश्न मनाया। बुधवार सुबह जिले में पानसेमल विधायक चंद्रभागा किराड़े के भाजपा के संपर्क में होने की भी चर्चा रही। हालांकि किराड़े ने इससे इनकार किया है। भास्कर से चर्चा में कहा कि मैं कांग्रेसी हूं। हम सब सीएम कमलनाथ के साथ हैं। वहीं मंत्री पद के सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि सीएम से मंत्री बनाने के लिए चर्चा करूंगी। मीडिया में भाजपा से संपर्क में होने के सवाल पर विधायक किराड़े ने वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी से हूं और कांग्रेसी ही रहूंगी। सोशल मीडिया में कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं। मेरी ऐसी कोई मंशा भी नहीं है।
भाजपा कार्यालय में दिनभर उत्साह रहा
भाजपा जिला कार्यालय में दिन भर उत्साह रहा जिलाध्यक्ष दोपहर 1 बजे कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सिंधिया का पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का लाइव समाचार देखा। बाद में कार्यकर्ताओं के बीच कहा एक युवा नेता के पार्टी में शामिल होने से जिले व प्रदेश का जनाधार बढ़ेगा। इस दौरान दीपक चौरे, राकेश पालीवाल, भगवान सिंह सोलंकी, हेमराज पाटीदार आदि थे। पूर्व कृषि राज्यमंत्री बालकृष्ण पाटीदार ने जिनिंग में कार्यकर्ताओं के साथ सिंधिया का शपथ ग्रहण समारोह देखा उन्होंने कहा कि सिंधिया में मुख्यमंत्री के चेहरे को देखकर मध्य प्रदेश की जनता ने वोट दिए थे लेकिन बाद में पार्टी में उनकी उपेक्षा हुई।
बाला बच्चन बोले- भ्रमित कर रही है भाजपा
विधायक चंद्रभागा किराड़े के भाजपा के संपर्क में होने को लेकर बाला बच्चन ने कहा- भाजपा हथेली से हाथी गायब करने का काम कर रही है। जनता को भ्रमित कर रही है। हमारी सरकार स्थिर है।
मंत्रियों के मोबाइल बंद, मैसेज का नहीं मिला जवाब
कृषि मंत्री यादव व पर्यटन मंत्री डॉक्टर साधौ के मोबाइल दिन भर बंद रहे। दोपहर में मंत्री साधव के मोबाइल पर लंबी घंटी गई लेकिन उन्होंने नहीं उठाया मंत्री यादव ने भी कोई बात नहीं की उन्हें मैसेज भेजा लेकिन जवाब नहीं आया।
निर्दलीय विधायक सीएम कमलनाथ के साथ
भगवानपुरा के निर्दलीय विधायक केदार डावर 2 दिन पहले भोंगर्या हाट में अपनी आस्था कमलनाथ सरकार में जता चुके हैं। सेगांव व केली के भोंगर्या में मुख्यमंत्री कमलनाथ के हर निर्णय में उनका साथ होने की बात कही थी। वे लगातार मंत्री पद से नवाजे जाने की बात को भी मुख्यमंत्री का अपना निर्णय बता चुके हैं।
जयपुर से पहले भोपाल में विधायक ग्यारसीलाल राव, झूमा सोलंकी, डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ व चंद्रभागा किराड़े।
रवि जोशी