- Hindi News
- National
- Badwah News Mp News Bathing The Destitute And Being Haircut Inspired To Live Like A Normal Person
निराश्रितों को नहलाया व बाल काटकर सामान्य व्यक्ति की तरह रहने के लिए किया प्रेरित
सनावद के युवाओं का सद्भावना मंच पिछले कई साल से सामाजिक कार्य करता आ रहा है। जहां भी उन्हें निराश्रित लोगों की जानकारी मिलती है, युवाओं की टोली वहां पहुंचकर उन निराश्रितों की सेवा करती है। फेसबुक पर एक ऐसे ही व्यक्ति की जानकारी जब मंच के सदस्य शायर मुजीब अमन व शाहबाज कुरैशी को मिली तो वे रविवार को बड़वाह पहुंचे।
राधेश्याम नाम का एक अधेड़ अर्धविक्षिप्त है। जो न तो ठीक से अपना नाम बता पाता है न पता बता पता है। हाथ पर लिखे नाम से दोनों सदस्यों ने उसकी पहचान राधेश्याम के रूप में की। अन्य लोगों की सहायता से स्नान कराया। उसकी दाढ़ी व बाल काटकर उसे साफ कपड़े पहनाकर नाश्ता कराया। हमेशा दुत्कारे जाने वाले राधेश्याम के साथ जब इस तरह का अप्रत्याशित व्यवहार हुआ तो आमतौर पर उग्र रहने वाला राधेश्याम बेहद शांत नजर आया। कई बार वह बातों से सामान्य लगा। साथ ही एक अन्य व्यक्ति को भी दल के सदस्यों ने इसी तरह नहलाकर उसे भोजन कराया। क्षेत्र के लोगों ने दोनों सदस्यों के इस नेक कार्य के लिए सराहना की।
कोई भी धर्म भेदभाव नहीं सद्भाव सिखाता है
दोनों सदस्यों ने बताया कोई भी धर्म भेदभाव नहीं सद्भाव सिखाता है। इसी सोच को लेकर संस्था का नाम भी सद्भावना मंच रखा है। दीनहीन व आभाव ग्रस्त की सेवा ही मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। धर्मगुरु के इस वाक्य को जीवन का उद्देश्य बनाया है। अभी तक करीब 6 ऐसे लोगों को शारीरिक रूप से स्वच्छ करने का प्रयास किया है। मंच से जुड़े अन्य सदस्यों के साथ लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों में भी संलग्न रहे हैं।
निराश्रित को नहलाते सदस्य।