मिलनसारिता व भलमनसाहत दुनिया को बनाती है अपना
सनावद | बुद्धिमान व्यक्ति वह है जो समाज में अपना पैसा व समय नियोजित करता है। शिष्टता का व्यवहार कर समाजजनों को अपना बनाया जाकर उन्हें प्रगति का पथ दिखाया जाना चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहायता कर उसे सक्षम बनाया जा सकता है। अखिल भारतीय क्षत्रिय राजपूत महासभा के खरगोन जिलाध्यक्ष गजेंद्रसिंह सोलंकी ने राजपूत समाज छात्रावास में समाज के होली मिलन समारोह के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा मिलनसारिता व भलमनसाहत वाले दो गुणों को अपनाकर दुनिया को अपना बनाया जा सकता है। श्यामसिंह मौर्य ने कहा प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह कमजोर व्यक्ति का सहयोग करें। जिससे सुदृढ़ समाज की स्थापना की जा सके। हेमेंद्रसिंह तंवर ने कहा अच्छे ओर सच्चे व्यक्ति ही समाज को मजबूती प्रदान करते हैं। देवेंद्रसिंह जादौन, दिलीपसिंह पंवार, भूपेंद्रसिंह गौड़, खुमानसिंह तोमर ने सशक्त समाज की स्थापना में सभी के योगदान को आवश्यक बताया।