सरकारी दुकान से कार्डधारी उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिल पा रहा है। सेल्समैन प्वाइंट ऑफ सेल मशीन में नेटवर्क नहीं मिलना कारण बता रहा है। हर माह 1 से 21 तारीख तक राशन का वितरण किया जाता है लेकिन इस माह सर्वर डाउन होने से लोग परेशान हो रहे हैं।
घंटों बैठने के बाद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। डेहरी के लक्ष्मण भीलिया व मुकुंद यशवंत ने बताया मजदूरी छोड़कर पिछले 7 दिनों से आ रहे हैं लेकिन राशन नहीं मिल पाया। चमारसिंह, राकेश नाना पटेल व अंकिता वर्मा ने कहा 4 दिनों से आ रहे हैं। घंटों बैठने के बाद खाली हाथ लौटा दिया जाता है। सेल्समैन दीपक मंडलोई ने बताया नेटवर्क नहीं मिलने से 1251 हितग्राहियों में से 372 लोगों को ही राशन वितरण हो पाया है। अधिकारियों को अवगत कराया है।
राशन के लिए उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
इधर....केबल कटने से दूरसंचार सेवा ठप, उपभोक्ता परेशान
महेश्वर | भारत संचार निगम लिमिटेड विभिन्न योजनाओं से उपभोक्ताओं को आकर्षित कर रहा है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बार-बार ठप हो रही सेवाओं से उपभोक्ता परेशान है। सड़क निर्माण में केबल कटने से शनिवार सुबह से मोबाइल व लैंडलाइन सेवा बंद हो गई। विभागीय कार्यालय में कर्मचारी कम होने से बंद होने के कारणों की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। नगर व क्षेत्र में 5 साल पहले तक बीएसएनएल के लैंडलाइन व मोबाइल उपभोक्ता बड़ी संख्या में थे। लेकिन पिछले कुछ साल से व्यवस्था में सुधार व कवरेज नहीं मिलने से लोग निजी कंपनियों का सहारा ले रहे हैं। आए दिन केबल कटने व अन्य तकनीकी कारणों से सेवा बंद हो जाती है। नगर में पहुंचने वाले पर्यटक भी परेशान होते रहते हैं। इंटरनेट से जुड़े व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो लैंडलाइन व्यवस्था पूरी तरह से बंद हो चुकी है। एसडीओ कार्यालय में कर्मचारियों का अभाव होने से लोगों को उचित जानकारी तक नहीं मिल रही है। इस मामले में एसडीओ ओमप्रकाश वर्मा ने कहा कसरावद व खरगोन के बीच चल रहे फोरलेन सड़क निर्माण में केबल कटने से समस्या आई है। केबल जोड़ने का काम चल रहा है। जल्द व्यवस्था शुरू हो जाएगी।