- Hindi News
- National
- Maheshvar News Mp News Teachers Distributed Masks To Students Suffering From Cold And Cold
सर्दी-जुकाम से पीड़ित परीक्षार्थियों को शिक्षकों ने बांटे मास्क
कोरोना वायरस : परीक्षा केंद्र पर बरती एहतियात, तलाशी भी मास्क पहनकर ली
कसरावद में परीक्षा केंद्र पर भी शिक्षक कोरोना वायरस को लेकर जागरूक दिखे। उत्कृष्ट विद्यलय परीक्षा केंद्र पर प्रभारी प्राचार्य मनोज जैन ने बताया शुक्रवार को कक्षा 12वीं के भौतिक शास्त्र, इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, ग्रह प्रबंध व विज्ञान के तत्व के प्रश्न पत्र थे। 391 में से 262 विद्यार्थी थे। कुछ परीक्षार्थी सर्दी-जुकाम से पीड़ित थे। केंद्राध्यक्ष कुशल सराफ़ व प्राचार्य मनोज जैन ने बच्चों को एहतियात के तौर पर मास्क बांटकर अन्य बच्चों की सुरक्षा की। सहायक केंद्राध्यक्ष आई खान, जयेश नागर व अलका पाटीदार ने भी मुख्य द्वार पर बच्चों की तलाशी के दौरान मास्क पहनकर एहतियात बरती। परीक्षक सुनीता वर्मा, कमलेश जोशी व भारत नागराज ने भी बच्चों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रेक्षक डॉ. बीएल पटेल मौजूद थे।
650 विद्यार्थियों को पिलाया अायुर्वेदिक काढ़ा
धूलकोट | कोरोना वायरस के संक्रमण के बचाव के लिए शासकीय आयुर्वेद औषधालय ने गुरुवार को आवासीय बालिका छात्रावास, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास व कन्या शिक्षा परिसर में शिविर आयोजित किया। करीब 650 छात्राओं व स्टॉफ को त्रिकूट व तुलसी का आयुर्वेदिक काढ़ा बनाकर पिलाया गया। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएस बडोले ने छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हाेंने कहा आयुर्वेदिक काढ़ा पीने से शरीर में रोग प्रतिरोधक शक्ति बढ़ती है। वायरस से बचाव के लिए तिल/अणु तेल की दो बूंद प्रतिमर्स नस्य प्रतिदिन लेने की भी सलाह दी। आंगनवाड़ी सुपरवाइजर शिवकन्या सोलंकी ने छात्राओं को पोषण पखवाड़ा की जानकारी दी।
छात्राअाें काे अायुर्वेदिक काढ़ा पिलाया।
महेश्वर व कसरावद में नहीं निकलेगी गेर
मलेशिया से लौटे व्यवसायी की 28 दिन होगी देखरेख
महेश्वर/कसरावद | रंगपंचमी पर महेश्वर व कसरावद में गेर नहीं निकाली जाएगी। कोरोना वायरस के प्रभाव के चलते लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रंगपंचमी पर हर साल नगर परिषद गेर का आयोजन करता है। कसरावद सीएमओ प्रिंयक पंड्या ने कहा कोरोना वायरस के प्रभाव को देखते हुए सामूहिक आयोजनों से दूरी बनाने की सलाह दी जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में गेर नहीं निकाली जा रही है। महेश्वर सीएमओ राजेंद्र मिश्रा ने कहा देश के कुछ स्थानों पर कोरोना वायरस के प्रभाव के चलते इस बार रंगपंचमी पर गेर नहीं निकालने का निर्णय लिया है।
भीकनगांव | कोराेना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। बीईई गजानंद लहाने व एमपीडब्ल्यू मुनींद्र सोलंकी को कोरोना वायरस को लेकर रोजाना जिला मुख्यालय पर जानकारी देने की जवाबदारी सौंपी गई। बीएमओ डॉ. प्रतिभा बागरान ने बताया पिछले दिनों नगर के व्यवसायी अनिविश राठौर मलेशिया गए थे। लौटने के दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर 5 डॉक्टरों ने उनकी जांच की। उन्हें सामान्य बताया। नगर पहुंचने के बाद जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भी उनकी जांच की। स्वास्थ्य विभाग 28 दिन तक उनकी देखरेख करेगा। नगर के शांतनु सोनी के भी एक-दो दिन में दुबई से यहां पहुंचने की सूचना है। उनकी भी जांच व निगरानी की जाएगी। डॉ. बागरान ने बताया कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सफाई रखने के साथ भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में मास्क का उपयोग करें। किसी से हाथ न मिलाए। बार-बार हाथ धाेएं। कोरोना से बचाव ही उसका निदान है। सामान्य बुखार, सूखी खांसी या नाक बहते रहने की समस्या हो तो चिकित्सक से संपर्क करें।
सर्दी-जुकाम से पीड़ित परीक्षार्थियों को मास्क बांटे।