- Hindi News
- National
- Maheshvar News Mp News Women Dressed As Radha Krishna Played Holi In Dry Colors
राधा-कृष्ण के रूप में सजी महिलाएं, सूखे रंगों से खेली होली
रंगपंचमी का पर्व शनिवार को उल्लास से मनाया गया। कोरोना वायरस के प्रभाव के चलते इस साल नगर परिषद ने गेर नहीं निकाली लेकिन लोगों के उत्साह में कमी नहीं दिखी। बच्चों, युवाओं व महिलाओं ने सूखे रंगों से होली खेल पर्व मनाया। शाम को नर्मदा स्नान के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
धान मंडी मार्ग स्थित नार्मदीय ब्राह्मण समाज धर्मशाला में शुक्रवार रात फाग उत्सव का आयोजन हुआ। मां नर्मदा व गुरुपूजन के बाद कृष्णराव डोंगरे, रवींद्र तारे, राजेश गावशिंदे व अन्य कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजाया गया। 51 किलो फूलों से होली खेली गई। समाज अध्यक्ष नरेंद्र झावरे, महिला मंडल अध्यक्ष चंद्रकांता बड़ोले, युवा मंडल अध्यक्ष राहुल बिल्लोरे सहित महिला-पुरुषों व बच्चों ने फूलों की होली खेली। शनिवार को ब्राह्मण समाज ने पानी बचाने का संदेश देते हुए सूखे रंगों से होली खेली। महिलाओं ने राधा-कृष्ण के रूप में शृंगार कर व फूलों से होली खेल पर्व मनाया। समाज पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे। नगर के गली-मोहल्लों में युवाओं व बच्चों ने एक-दूसरे को रंग लगाया।
यहां भी मनाई रंगपंचमी
झिरन्या | गौर बंजारा समाज ने गेर निकालकर होली मिलन समारोह मनाया। श्री राघवानंदजी भारती फलाहारी बाबा आश्रम खेड़ापति हनुमान मंदिर पर हुए कार्यक्रम में 8 गांव करानिया, पोखराबाद, रतनपुर, कोड़ीखाल, बायखेड़ा, बिस्टान, ईरपुर, पूरा व झिरन्या के समाजजन शामिल हुए। महिला-पुरुष की टोलियों ने बंजारी भाषा में होली के गीत गाकर नृत्य किया। राघवानंदजी भारती के गुरु श्री 108 लालआनंदजी भारती ओंकारेश्वर शामिल हुए। चरणदास राठौड़, कानसिंह पवार व प्रीतमसिंह चौहान मौजूद थे।
खामखेड़ा | कार्तिक महिला मंडल ने सूखे रंगों से होली खेलकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। अरुणा धुरकरी, शांति गिन्नारे, सीमा उपाध्याय, लक्ष्मी शर्मा, अनिता जायसवाल आदि शामिल थी।
महेश्वर | शनिवार रात साईं द्वारका मंदिर में भजन संध्या का आयोजन हुआ। श्री साईं धार्मिक परमार्थिक न्यास के युवा सदस्यों ने फाग उत्सव भी मनाया। रविवार दोपहर 12 बजे से गायत्री प्रज्ञापीठ छोटी खरगोन में ट्रस्ट की बैठक व होली मिलन कार्यक्रम होगा। नगर व आसपास के प्रज्ञा मंडल, महिला मंडल आदि शामिल हाेंगे।
कोरोना वायरस से बेखौफ, उड़ाया रंग-गुलाल
गोगावां | कोरोना वायरस के डर से बेखौफ होकर युवाओं ने रंगपंचमी पर होली खेली। जमकर रंग-गुलाल उड़ाया। गीतों पर खूब थिरके। पूरा मार्ग रंगों से सरोबार नजर आया। पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। होली स्थल पर बेरिकेडिंग की गई।
आश्रम के बच्चों के साथ मनाया पर्व
बिस्टान | गांव सहित बन्हेर, देवला, पेनपुर, सिरवेल, पीपलझोपा में पर्व का उल्लास रहा। युवकों व महिलाओं की टोली ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व मनाया। डीजे पर युवा झूमे। निजी आश्रम के बच्चों के साथ भागवत कथा समिति व श्यामप्रेमियों ने पर्व मनाकर बधाई दी।
राधा-कृष्ण बनी महिलाओं पर फूलों की बारिश की।